गांवों के विकास के लिए सभी की भागीदारी जरूरी : उपायुक्त
खूंटी।मुरहू प्रखंड अंतर्गत गनालोया पंचायत के गनगिरा ग्राम में बुधवार को गंदगी मुक्त भारत कार्यक्रम के तहत उपायुक्त शशि रंजन के नेतृत्व में पौधरोपणए सोख्ता गड्ढा निर्माण व प्लास्टिक मुक्त गांव अभियान का आयोजन किया गया। मौके पर उपायुक्त ने कहा कि गांवों के विकास के लिए सभी की भागीदारी अति आवश्यक है।
उन्होंने लोगों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक होकर भरपूर लाभ उठाने की अपील की। उपायुक्त ने कहा कि आपस में समन्वय स्थापित कर ही हम गांवों को विकास के पथ पर अग्रसर करने में सफलता हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि गंदगी मुक्त भारत कार्यक्रम के तहत जिले के गांवों को गंदगी मुक्त, नशा मुक्त, कलह मुक्त, शौचालय युक्त व स्वावलंबी बनाने के लिए जिला प्रशासन कृतसंकल्पित है। उपायुक्त ने कहा कि मनरेगा योजना के कार्यान्वयन में सरकार द्वारा एक अहम बदलाव लाया गया है। उन्होंने कहा कि अब लोग घर बैठे ही अपने मोबाइल फोन के माध्यम से प्रखंड विकास पदाधिकारी से संपर्क कर काम व योजना की मांग कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में गरीबी उन्मूलन के लिए स्वालंबन ही एक बड़ा हथियार है। सखी मंडलों को रोजगार के साधन उपलब्ध कराने व रोजगार के अवसर का सृजन कराने के लिए जिला प्रशासन उन्हें हरसंभव मदद करने के लिए तैयार है।





