रिविलगंज में आकाशीय बिजली गिरने से बुजुर्ग की मौत, महिला अचेत

सारण : रिविलगंज थाना क्षेत्र के गोरिया छपरा के सामने दियारा क्षेत्र में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से झुलसकर अचेत हो गई। महिला का इलाज रिविलगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
मृतक की पहचान रिविलगंज के भादपा नया बस्ती निवासी स्वर्गीय दुलारचंद चौधरी के 60 वर्षीय पुत्र जगलाल चौधरी के रूप में हुई है। वहीं घायल महिला की पहचान उसी गांव की 35 वर्षीय आरती देवी के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जगलाल चौधरी और आरती देवी अपने खेत में परवल तोड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हुआ और आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से जगलाल चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरती देवी अचेत होकर गिर पड़ीं।
घटना के बाद आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों और परिजनों ने दोनों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने जगलाल चौधरी को मृत घोषित कर दिया। वहीं आरती देवी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज जारी है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।





