सुशांत मामले में ईडी ने होटल व्यवसाई गौरव आर्या को समन जारी किया
मुंबई। फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मौत प्रकरण की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को होटल व्यवसाई गौरव आर्या को नोटिस जारी करके सोमवार को मुंबई स्थित ईडी कार्यालय में 11 बजे तलब किया है। ईडी को रिया चक्रवर्ती के मोबाइल में गौरव आर्या से ड्रग के बारे में चैट किए जाने की हिस्ट्री मिली थी। इसलिए शुक्रवार को दोपहर में ईडी अधिकारियों ने गोवा के पणजी में जाकर गौरव आर्या के होटल के बाहर नोटिस चिपका दिया है। सूत्रों के अनुसार सीबीआई की एक टीम एसपी नुपूर प्रसाद के नेतृत्व में आज सुबह 11 बजे से लगातार रिया चक्रवर्ती और उसके पिता इंद्रजीत से पूछताछ कर रही है। सीबीआई ने रिया से पूछताछ के लिए पहले से ही सुशांत के साथ संबंध, 8 जून को घर छोडक़र जाने के कारणों, पैसे के लेन-देन, उसके साथ हुए विवाद आदि के बारे में सवालों की फेहरिश्त तैयार कर रखी थी। सीबीआई की दूसरी टीम ने सुशांत के रुममेट सिद्धार्थ पिठानी से आज 8वें दिन ढाई घंटे पूछताछ की। इसके बाद सिद्धार्थ डीआरडीओ गेस्ट हाउस से बाहर निकला जबकि सीबीआई की अन्य टीम रिया के भाई सौविक, सैमुअल मिरांडा से पूछताछ कर रही है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की टीम केपीएस मलहोत्रा के नेतृत्व में बालीवुड में ड्रग सप्लाई रैकेट की भी जांच कर रही है। शुक्रवार को सुबह एनसीबी की टीम ने 4 ड्रगपेडलरों को पकड़ा हैं, उनसे दोपहर में पूछताछ की गई है। जानकारी मिली है कि एनसीबी रिया चक्रवर्ती और उसके भाई सौविक को पूछताछ के जल्द समन जारी करने की तैयारी में है।





