देश के 550 से अधिक रेलवे स्टेशनों का होगा कायाकल्प

देश के 550 से अधिक रेलवे स्टेशनों का होगा कायाकल्प
-प्रधानमंत्री मोदी आज बिहार को देंगे करोड़ों की सौगात
पटना : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज दोपहर 12:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 41,000 करोड़ रुपये से अधिक की लगभग 2,000 रेलवे बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री लगातार रेलवे स्टेशनों को विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के महत्व पर जोर दे रहे है। इस प्रयास के तहत प्रधानमंत्री 553 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास का शिलान्यास करेंगे। 27 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में स्थित इन स्टेशनों का 19,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पुनर्विकास किया जाएगा। ये स्टेशन शहर के दोनों किनारों को एक साथ मिलाते हुए शहर के केंद्र के रूप में कार्य करेंगे। इन स्टेशनों पर आधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध होगी। इनमें छत प्लाजा, सुंदर भूदृश्य, इंटर मॉडल कनेक्टिविटी, बेहतर आधुनिक फसाड, बच्चों के खेलने का क्षेत्र, कियोस्क, फूड कोर्ट आदि शामिल हैं। साथ ही, इन्हें पर्यावरण और दिव्यांगों के अनुकूल पुनर्विकसित किया जाएगा। इन स्टेशन भवनों का डिजाइन स्थानीय संस्कृति, विरासत और वास्तुकला से प्रेरित होगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश में गोमती नगर स्टेशन का उद्घाटन करेंगे, जिसका लगभग 385 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया गया है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री 1500 रोड ओवरब्रिज और अंडरपास का शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पित भी करेंगे। इस संबंध में पूमरे के महाप्रबंधक अनिल खंडेलवाल ने कहा कि भारतीय रेल द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों पर विश्वस्तरीय यात्री सुविधायें उपलब्ध कराने हेतु उनके पुनर्विकास का कार्य तथा समपारों पर संरक्षा के दृश्टिकोण से रोड ओवर ब्रिज/अंडरपास के निर्माण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसी क्रम में माननीय प्रधानमंत्री जी 26 फरवरी को 41,000 करोड़ रुपये से अधिक की लगभग 2,000 रेलवे बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पित करेंगे।





