कानपुर: कृपाण से दो लोगों पर जानलेवा हमला, मुकदमा दर्ज
कानपुर,। बर्रा थाना क्षेत्र में सचान चौराहे के पास बुधवार की देर रात
दो लोगों को एक सरदार ने अपनी कृपाण से हमला करके घायल कर दिया। घायलों को
उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। इस संबंध में पुलिस ने गुरुवार सुबह
जानलेवा हमले समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करके आरोपित की तलाश कर
रही है।
सहायक पुलिस आयुक्त नौबस्ता मंजय सिंह ने बताया
कि बर्रा के सचान चौराहे के समीप बुधवार रात लगभग पौने बारह बजे पैसे की
लेनदेन को लेकर हरिशंकर एवं धर्मेंद्र का लक्की सरदार से विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष भिड़ गए। मारपीट के दौरान लक्की सरदार ने
अपने पास रखी कृपाण से हमला कर दिया। हमले में हरिशंकर एवं धर्मेंद्र घायल
हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों घायलों को
तत्काल उपचार के लिए हैलट अस्पताल में भर्ती कराया। जहां दोनों का उपचार चल
रहा है। उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। घायलों के परिवार से तहरीर
लेकर गुरुवार सुबह लक्की सरदार के खिलाफ जानलेवा हमला समेत विभिन्न धाराओं
में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। फरार आरोपित लक्की सरदार की तलाश के लिए
पुलिस की टीमें संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।





