कानपुर में पनकी मंदिर के समीप पाया गया इलेक्ट्रीशियन का शव
कानपुर,। पनकी थाना क्षेत्र में पनकी मंदिर गंगागंज रोड के किनारे
रविवार सुबह इलेक्ट्रिशियन का शव पाया गया। परिवार के लोगों का कहना है कि
वह शाहजहांपुर में काम करता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में
लेकर जांच शुरू कर दी है। उसकी मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए
पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम विजय ढुल
ने बताया कि पनकी थाना क्षेत्र के ईडब्ल्यूएस गंगागंज भाग तीन निवासी अमित
कुमार राठौर 38 वर्ष पुत्र रामदास परिवार के भरण-पोषण के लिए शाहजहांपुर
में इलेक्ट्रिशियन का काम करता था। परिवार वालों का कहना है कि अमित से
परिवार के लोगों ने दस दिन पहले फोन पर बात की थी और वह घर आने के लिए कहा
था। उसकी मौत कैसे हुई, यह नहीं पता चल पाया। रविवार की सुबह अमित का शव
गंगागंज रोड के किनारे पाया गया। उसके शरीर में कोई चोट नहीं दिखाई दे रही
है। हालांकि मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए शव का पंचनामा कर
पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई
की जाएगी। हालांकि अब तक परिवार के लोगों ने कोई तहरीर नहीं दी है।





