जनता की समस्याओं के बीच ‘फूलकुमारी निवास’ पर करोड़ों का खर्च, कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव का मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर तीखा हमला

जनता की समस्याओं के बीच ‘फूलकुमारी निवास’ पर करोड़ों का खर्च, कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव का मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर तीखा हमला
नई दिल्ली, 3 जुलाई 2025। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जोरदार हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि जब राजधानी की जनता बिजली कटौती, जल संकट, जलभराव और महिला असुरक्षा जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है, ऐसे समय में मुख्यमंत्री जनता की आवश्यकताओं की अनदेखी कर अपने सरकारी आवास ‘फूलकुमारी निवास’ को शीशमहल की तर्ज पर सुसज्जित कराने में करोड़ों रुपये खर्च कर रही हैं।
देवेंद्र यादव ने खुलासा किया कि बंगला संख्या-1 (राज निवास मार्ग) के पहले चरण के नवीनीकरण पर 59.40 लाख रुपये का खर्च आंका गया है, जिसमें 11 लाख रुपये एयर कंडीशनिंग, 6 लाख रुपये लाइट्स और झूमरों, तथा 2 लाख रुपये के विशेष निर्बाध विद्युत आपूर्ति सिस्टम पर खर्च किए जा रहे हैं। इसके अलावा 5.74 लाख रुपये की लागत से 14 सीसीटीवी कैमरे, 9.3 लाख रुपये के 5 टेलीविजन, और 7.76 लाख रुपये से 14 एयर कंडीशनर भी लगाए जा रहे हैं।
यादव ने इस खर्च को सत्ता के अहंकार और जनभावनाओं की खुली अवहेलना बताया। उन्होंने कहा कि यह न केवल लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन है, बल्कि जनता के साथ विश्वासघात है। उन्होंने तीखे स्वर में कहा कि जब राजधानी के लाखों लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हैं, तब मुख्यमंत्री के बंगले में आरओ सिस्टम लगाना जनता के साथ क्रूर मज़ाक है। यदि मुख्यमंत्री स्वयं नल का पानी नहीं पी सकतीं, तो उनके नेतृत्व में घोषित ‘वॉटर टेस्टिंग लैब योजना’ पर जनता कैसे विश्वास करेगी?
देवेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश की पीठ ने दिल्ली जल बोर्ड को पीने के पानी में सीवर के पानी की मिलावट को लेकर फटकार लगाई है, जो सरकार की विफलता को दर्शाता है। इसी तरह महिला सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए यादव ने कहा कि जब महिलाएं सार्वजनिक स्थलों पर असुरक्षित महसूस कर रही हैं, तब मुख्यमंत्री केवल अपने आवास की सुरक्षा को प्राथमिकता दे रही हैं, जबकि बजट में घोषित 50,000 सीसीटीवी कैमरों की तैनाती पर कोई ठोस जानकारी अब तक सामने नहीं आई है।
यादव ने आशंका जताई कि ‘फूलकुमारी निवास’ का यह खर्च भी पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के 110 करोड़ के शीशमहल की तरह धीरे-धीरे कई गुना बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा भी अब उसी विलासिता की राह पर चल रही है, जिसकी वह कभी आलोचना करती थी। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि मुख्यमंत्री का यही रवैया रहा, तो भाजपा के ही असंतुष्ट सांसद और विधायक उन्हें एयर कंडीशनर की वारंटी अवधि से पहले ही बदल देंगे।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने इसे भ्रष्टाचार की नई नींव, जनता की उपेक्षा और नैतिक जवाबदेही से मुंह मोड़ने वाला कृत्य बताते हुए जनता से अपील की कि वे इस मुद्दे पर सवाल उठाएं और जनप्रतिनिधियों को उनकी जिम्मेदारियों का अहसास दिलाएं।





