महाराष्ट्र में बेकाबू हुआ कोरोना, पिछले 24 घंटे में 67160 मामले, 676 की मौत
महाराष्ट्र में बेकाबू हुआ कोरोना,
महाराष्ट्र में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 24 घंटे में 67160 नए मामले सामने आए हैं वहीं 676 लोगों की मौत हो गई है। बता दें कि इस दौरान 63,818 लोग स्वस्थ भी हुए हैं।
अडाणी एयरपोर्ट पर नहीं लेंगे पार्किंग शुल्क : अडाणी समूह
अडाणी समूह के प्रवक्ता ने शनिवार को कहा कि समूह की ओर से प्रबंधित किए जाने वाले एयरपोर्ट पर निजी वाहनों के लिए पार्किंग शुल्क माफ करने का फैसला किया है। उन्होंने कंपनी की ओर से कहा कि हमने अपने हवाई अड्डों पर यात्रियों को लेने या छोड़ने के लिए आने वाले निजी वाहनों के लिए पार्किंग शुल्क माफ करने का फैसला किया है। हवाई अड्डे से बाहर निकलने वाले सभी लोगों के लिए मुफ्त सेवा 10 मिनट के भीतर उपलब्ध होगी। यह लाभ लाखों हवाई यात्रियों को मिलेगा। बता दें कि अडाणी समूह अहमदाबाद में सरदार वल्लभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, लखनऊ में चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और मंगलूरू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा को प्रबंधित करता है।
ऑक्सीजन एक्सप्रेस से पहुंचाई 150 टन ऑक्सीजन : रेल मंत्रालय
देश में कोरोना के बढ़ते संक्रमण ने आम लोगों के साथ-साथ सरकारों की भी चिंता बढ़ा दी है। देश में कोरोना मरीजों की संख्या में बेतहाशा वृद्धि होने के कारण अस्पतालों में ऑक्सीजन की मांग तेजी से बढ़ गई हैं। ऐसे में भारतीय रेलवे ने ग्रीन कॉरीडोर की मदद से देश के कई शहरों में ऑक्सीजन एक्सप्रेस की मदद से ऑक्सीजन भेजे जाने का काम शुरू कर दिया है। भारतीय रेलवे ने बताया है कि पिछले 24 घंटों के दौरान ऑक्सीजन एक्सप्रेस ने 150 टन ऑक्सीजन देश के कई राज्यों में पहुंचाई है।
आंध्र प्रदेश में लगातार दूसरे दिन कोरोना के 11 हजार से अधिक मामले
आंध्र प्रदेश में शनिवार को लगातार दूसरे दिन कोरोना वायरस संक्रमण के 11,000 से अधिक नए मामले सामने आए, जिसके साथ ही राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 10.20 लाख तक पहुंच गई। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 37 मरीजों ने दम तोड़ दिया जबकि 4,421 लोग स्वस्थ भी हुए हैं।
गुजरात में बीते 24 घंटे में कोरोना के 14097 मामले
गुजरात में कोरोना का कहर लगातार जारी है। बीते 24 घंटे में कोरोना के 14,097 मामले सामने आए हैं और 152 लोगों की मौत हुई है। इस दौरान 6,479 लोग स्वस्थ भी हुए हैं।





