कोरोना: तीन राज्यों में सख्ती लागू, रात 10 बजे के बाद मॉल-दुकानें बंद, भीड़ वाले कार्यक्रमों पर रोक
नई दिल्ली : देश में तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के चलते पुन: लॉकडाउन के आसार कम नजर आ रहे हैं। पाबंदियां बढ़ाकर व उन पर सख्ती से अमल कराकर हालात काबू में करने के उपाय किए जाएंगे। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा है कि लॉकडाउन समाधान नहीं है। उधर गुजरात के अहमदाबाद में रात 10 बजे बाद मॉल व दुकानें बंद की जाएंगी, जबकि मप्र के भोपाल में धरना-प्रदर्शन व भीड़ वाले कार्यक्रमों पर पाबंदी लगाई गई है।
महाराष्ट्र के मंत्री ने कहा-संक्रमण दर बढ़ी पर मृत्यु दर नहीं
महाराष्ट्र में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने साफ कहा है कि लॉकडाउन इसका हल नहीं है। पाबंदियों को सख्त बनाकर इस पर काबू पाने का प्रयास होगा। उन्होंने यह भी कहा कि बीते कुछ दिनों में राज्य में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़े हैं, लेकिन मृत्यु दर नहीं बढ़ी है। बता दें कि महाराष्ट्र में रविवार को इस साल के सबसे ज्यादा 16 हजार से ज्यादा संक्रमित मिले थे।
भोपाल में भीड़ वाले कार्यक्रम की अनुमति निरस्त
भोपाल में आपदा प्रबंधन समिति की बैठक हुई। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सभी तरह के धरना-प्रदर्शन, रैली एवं भीड़वाले कार्यक्रमों की अनुमति निरस्त। आदेश सोमवार रात दस बजे से प्रभावी हो गया।
अहमदाबाद के आठ वार्डों में उठाए ये कदम
अहमदाबाद में भी बढ़ते संक्रमण के कारण शहर के आठ वार्डों-जोधपुर, नवरंगपुरा, बोडकदेव, थालतेज, गोटा, पालडी, घाटलोदिया व मणिनगर में नगर निगम ने रात 10 बजे दुकानें व मॉल बंद कराने का आदेश दिया है। यह आदेश सभी रेस्टॉरेंट, शोरूम, पान दुकानों, क्लब, चाय दुकानों, हेयर सैलून पर लागू होगा। शहर के मानकचौक व रायपुर बाजार भी रात 10 बजे बंद करा दिए जाएंगे।





