वेंकैया समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने को प्रतिबद्ध: राष्ट्रपति
नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मंगलवार को एम वेंकैया नायडू को उप राष्ट्रपति पद के तीन साल पूरे होने पर बधाई देते हुए कहा, आपका सार्वजनिक व्यवहार सहज भाव से ओतप्रोत है, जो समावेशी एवं मजबूत भारत के निर्माण के लिए अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने को प्रतिबद्ध है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने वेंकैया नायडू को भेजे पत्र में लिखा है, उप राष्ट्रपति के रूप में तीन साल पूरे करने पर आपको बधाई। यह मेरा सौभाग्य है कि आपको लंबे समय से जानता हूं और आपके साथ काम करने और देश के लोगों की सेवा करने का मौका मिला। उप राष्ट्रपति के रूप में, आप पहले से ही भावी पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने के स्रोत बने हुए हैं। वह आपसे सीखते हैं कि कैसे ज्ञान, ऊर्जा, जोश और उत्साह के मिश्रण को सकारात्मक कदम में बदला जा सकता है।
राष्ट्रपति कोविंद ने पत्र में राज्यसभा के पदेन सभापति के तौर पर वेंकैया की उपलब्धियां गिनाते हुए उनके नेतृत्व में राज्यसभा की उत्पादकता दर पिछले 10 साल की तुलना में सबसे अच्छी रहने को भी अभूतपूर्व बताया। उन्होंने लिखा, राज्यसभा सभापति के रूप में आपने अभूतपूर्व विधायी कार्य निपटाकर रिकॉर्ड बनाया है। यह आपकी प्रतिभा और द्विदीयता का प्रतीक है। कानून और संविधान की आपकी गहरी समझ ने आपको सार्वजनिक सेवा के लिए उचित निर्णय लेने में सक्षम बनाया है।
उन्होंने लिखा है, उप राष्ट्रपति के तौर पर अपने तीन वर्ष पूरे करने पर मैं आपके अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं और आपको और आपके परिवार को शुभकामनाएं देता हूं।





