हुड्डा का बड़ा हमला: बीजेपी ने हरियाणा को कंगाल बना दिया, 60 गैंग वसूल रहे फिरौती
चंडीगढ़। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सीएम नायब सैनी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सीएम के पास राज्य के लिए समय नहीं है, वे पंजाब दौरों में व्यस्त हैं। हुड्डा ने कहा कि जब सीएम पंजाब जा ही रहे हैं तो हरियाणा के हक का SYL का पानी क्यों नहीं मांगते? उन्होंने आरोप लगाया कि 2014 तक हरियाणा पर 70 हजार करोड़ कर्ज था, जो अब 5.50 लाख करोड़ हो गया है। प्रदेश कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, नशा और भ्रष्टाचार में नंबर-1 बन गया है। किसानों को 24 फसलों पर MSP नहीं मिल रहा।

चंडीगढ़/रोहतक। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर बड़ा हमला बोला है। हुड्डा ने कहा कि सीएम सैनी के पास राज्य के लिए समय ही नहीं है, वे कभी पंजाब दौरे पर हैं तो कभी चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। हरियाणा के ज्वलंत मुद्दों पर सरकार गंभीर नहीं है। हुड्डा ने बुधवार को रोहतक और चरखी दादरी में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सैनी सरकार की कई कमियां गिनाईं। हुड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी इन दिनों बार-बार पंजाब जा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब सीएम पंजाब जा ही रहे हैं तो उन्हें हरियाणा के हक का पानी मांगकर आना चाहिए। एसवाईएल नहर का मुद्दा हरियाणा की लाइफलाइन है, खासकर दक्षिण हरियाणा में पानी की भारी किल्लत है। लेकिन सरकार इस मुद्दे पर चुप है।
हुड्डा ने आंकड़े गिनाते हुए कहा कि 1966 में हरियाणा बनने से लेकर 2014 तक, यानी 48 साल में प्रदेश पर कुल 70 हजार करोड़ का कर्ज था। लेकिन पिछले 12 साल में बीजेपी सरकार ने इसे बढ़ाकर 5.50 लाख करोड़ रुपये कर दिया है। सवाल उठता है कि यह पैसा कहां गया? न कोई नई मेट्रो बनी, न नई रेल लाइन बिछी, न कोई बड़ा मेडिकल कॉलेज या यूनिवर्सिटी बनी। सरकार ने 5000 सरकारी स्कूल बंद कर दिए हैं। पूर्व सीएम ने कहा कि आज हरियाणा देश का सबसे असुरक्षित राज्य बन गया है। केंद्र सरकार के सामाजिक प्रगति सूचकांक में भी यह बात सामने आई है। प्रदेश में 60 से ज्यादा आपराधिक गैंग सक्रिय हैं। लूट, डकैती, फिरौती और हत्या आम हो गई हैं। बदमाश खुलेआम वारदात की जिम्मेदारी ले रहे हैं, उन्हें सरकार का कोई डर नहीं।
हुड्डा ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी तो नारा था - "बदमाशी छोड़ दो या हरियाणा छोड़ दो"। आज उल्टा हो रहा है। निवेश नहीं आ रहा, रोजगार पैदा नहीं हो रहे। सरकार युवाओं को पक्की नौकरी देने के बजाय कौशल रोजगार निगम के नाम पर 15 हजार की कच्ची नौकरियां दे रही है। हुड्डा ने कहा कि सरकार ने 24 फसलों पर MSP देने का वादा किया था, लेकिन हकीकत में धान, बाजरा, कपास और मूंग जैसी फसलें MSP से 300 से 1200 रुपये कम पर बिक रही हैं। किसानों को न उचित दाम मिल रहा है, न मुआवजा। खाद की किल्लत और लाठीचार्ज की खबरें आ रही हैं। हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस अब 2024 विधानसभा चुनाव की हार की निराशा को पीछे छोड़कर पूरे प्रदेश में बीजेपी के खिलाफ आर-पार की लड़ाई शुरू करेगी। वहीं बीजेपी का कहना है कि हुड्डा सरकार ने अपने 10 साल के राज में सिर्फ खर्ची-पर्ची और भ्रष्टाचार किया था, जबकि सैनी सरकार बिना भेदभाव के विकास कर रही है।
विषय




