मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'वन महोत्सव सीजन 2' की शुरुआत की, चलाया 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान*

*मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'वन महोत्सव सीजन 2' की शुरुआत की, चलाया 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान*
नई दिल्ली , 3 जुलाई 2025: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को अपने मंत्रिमंडल के साथ 'वन महोत्सव सीजन 2' की भव्य शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत एक पौधा रोपित कर इसे धरती मां और अपनी मां को समर्पित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पर्यावरण संरक्षण ही नहीं, बल्कि भावनात्मक रूप से जनभागीदारी को जोड़ना भी है।
इस महत्वपूर्ण आयोजन में मुख्यमंत्री के साथ सांसद बांसुरी स्वराज, दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, और पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, स्कूली बच्चे, पर्यावरण प्रेमी और स्थानीय नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर कहा, "मुझे गर्व है कि 2025 में 'वन महोत्सव' के इस दूसरे चरण की शुरुआत हो रही है। दिल्ली में बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जा रहा है। पहले की सरकारों ने कभी इस दिशा में गंभीरता नहीं दिखाई, न ही वृक्षारोपण कार्यक्रमों में भाग लिया और न ही दिल्ली के पर्यावरण की चिंता की। हमारी सरकार धरती मां की सेवा को कर्तव्य मानती है।"
'एक पेड़ मां के नाम' अभियान एक प्रतीकात्मक पहल है, जो लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़ते हुए पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाता है। इस पहल के अंतर्गत प्रत्येक नागरिक से अपील की जा रही है कि वे अपने जीवन में एक पौधा अपनी मां या किसी विशेष महिला के नाम पर लगाएं और उसकी देखभाल का संकल्प लें।
सरकार का यह कार्यक्रम हरियाली बढ़ाने का माध्यम है, दिल्ली को प्रदूषणमुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मजबूत कदम है। आगामी दिनों में राजधानी के विभिन्न हिस्सों में हज़ारों की संख्या में पौधारोपण किया जाएगा और स्थानीय स्कूलों, कॉलेजों, RWA, एवं एनजीओ को इस मुहिम से जोड़ा जाएगा।





