चेक बाउंस मामले में अभिनेत्री अमीषा पटेल कोर्ट में नहीं हुई हाजिर

रांची। चेक बाउंस मामले में फिल्म अभिनेत्री अमीषा पटेल
मंगलवार को रांची सिविल कोर्ट नहीं पहुंची। पिछली सुनवाई में कोर्ट ने
उन्हें हाजिर होने का निर्देश दिया था। लेकिन निजी कारणों का हवाला देते
हुए वह मंगलवार को उपस्थित नहीं हुई। मामले की सुनवाई न्यायिक दंडाधिकारी
डीएन शुक्ला की अदालत में चल रही है।
उल्लेखनीय है कि फिल्म मेकर
अजय कुमार सिंह ने अभिनेत्री अमीषा पटेल पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया
है। देशी मैजिक फिल्म बनाने के नाम पर अजय कुमार सिंह से अमीषा पटेल ने दो
करोड़ रुपये लिये थे, लेकिन वह फिल्म नहीं बनी। इसके बाद अजय कुमार सिंह
द्वारा पैसा मांगने पर अमीषा पटेल ने दो चेक दिये थे, लेकिन दोनों चेक
बाउंस हो गया था। इसे लेकर अजय कुमार सिंह ने अमीषा पटेल के खिलाफ धोखाधड़ी
का मामला वर्ष 2018 में दर्ज कराया था।
कोर्ट ने मामले में अमीषा
पटेल के खिलाफ सात अप्रैल 2023 को वारंट जारी किया था, जिसके बाद उन्होंने
17 जून को कोर्ट में सरेंडर कर जमानत ली थी।





