अंगूठा लगवाकर राशन न देने वाले राशन दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज, जांच तेज

इटावा : उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में थाना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र के अंतर्गत ग्रामीणों की शिकायत पर जिला पूर्ति विभाग ने राशन डीलर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। थाना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र के अंतर्गत पचावली गांव में ग्रामीणों ने राशन डीलर पर बायोमेट्रिक मशीन में अंगूठा लगवाने के बाद राशन न देने की शिकायत की थी।
जिलापूर्ति विभाग के सप्लाई इंस्पेक्टर योगेश कुमार वर्मा ने राशन की दुकान पर जांच की । इस जांच में गेहूं, चावल और बाजरा की कुल 19 बोरियां मिलीं।अधिकारी ने जब राशन का हिसाब किताब और अभिलेख मांगे तो राशन डीलर संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया ।
सप्लाई इंस्पेक्टर योगेश कुमार वर्मा ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत के बाद वह राशन की दुकान पर जांच करने पहुंचे थे उन्होंने राशन की दुकान से 70 कुंतल गेहूं, 84 कुंतल चावल जब्त किया है। जब्त किए हुए राशन को सुरक्षित रखते हुए नजदीकी उचित दर विक्रेता को वितरण की जिम्मेदारी दी गई है। ताकि पात्र राशन कार्ड धारकों को राशन मिल सके ।
उन्होंने बताया कि दोषी पाए गए राशन डीलर ब्रजेश कुमार की दुकान को सीज कर उसके खिलाफ थाना फ्रेंड्स कॉलोनी में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 03/07 के तहत मुकदमा दर्ज करवाकर कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।





