शेयर बाजार में तेजी से सेंसेक्स और निफ्टी उछले, निवेशकों ने कमाए 1.91 लाख करोड़ रुपये
नई
दिल्ली, । पूरे दिन उतार-चढ़ाव का सामना करने के बाद घरेलू
शेयर बाजार गुरुवार को एक बार फिर बढ़त के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार की
शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी, लेकिन बिकवाली के दबाव में सेंसेक्स और
निफ्टी ने लाल निशान में गोता लगा दिया। सुबह 10 बजे के बाद खरीदारों ने
अपना जोर बना दिया, जिसकी वजह से शेयर बाजार एक बार फिर हरे निशान में
पहुंच कर कारोबार करने लगा। पूरे दिन हुई खरीद-बिक्री के बाद सेंसेक्स 0.18
प्रतिशत और निफ्टी 0.22 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।
आज
के कारोबार में रियल्टी और मेटल सेक्टर के शेयरों में सबसे अधिक खरीदारी
होती रही। कैपिटल गुड्स और ऑयल एंड गैस इंडेक्स भी बढ़त के साथ बंद होने
में सफल रहे। फार्मास्युटिकल, ऑटोमोबाइल, यूटिलिटी और पीएसयू बैंकों के
शेयरों में लगातार दबाव बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी
होती रही, जिसके कारण बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.55 प्रतिशत की तेजी के साथ
बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1 प्रतिशत उछल कर आज के कारोबार का
अंत किया।
आज बाजार में आई तेजी के कारण स्टॉक मार्केट के
निवेशकों की संपत्ति में करीब 2 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई
में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर
435.86 लाख करोड़ रुपये (अस्थाई) हो गया। पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार
को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 433.95 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों
को आज के कारोबार से करीब 1.91 लाख करोड़ रुपये का फायदा हो गया।
आज
दिन भर के कारोबार में बीएसई में 3,981 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई।
इनमें 2,288 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,562 शेयरों में गिरावट का
रुख रहा और 131 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,312
शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,505 शेयर मुनाफा कमा कर हरे
निशान में और 807 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह
सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 15 शेयर बढ़त के साथ और 15 शेयर
गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में शामिल शेयरों में से 27 शेयर हरे निशान
में और 23 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स
आज 217.24 अंक की मजबूती के साथ 77,554.83 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की
शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण ये सूचकांक सारी बढ़त
गंवा कर 237.23 अंक की कमजोरी के साथ 77,100.36 अंक के स्तर तक लुढ़क गया।
सुबह 10 बजे के बाद खरीदारों ने अपना जोर दिखाया, जिसकी वजह से इस सूचकांक
की चाल में तेजी आ गई। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से ये सूचकांक
निचले स्तर से 500 अंक से अधिक उछल कर 305.50 अंक की बढ़त के साथ 77,643.09
अंक के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि, इसके बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने
की वजह से ये सूचकांक अपनी बढ़त कायम नहीं रख सका। दिन भर हुई खरीद बिक्री
के बाद सेंसेक्स 141.34 अंक की तेजी के साथ 77,478.93 अंक के स्तर पर बंद
हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 70.15 अंक
उछल कर 23,586.15 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही
मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण ये सूचकांक ओपनिंग लेवल से 140 अंक से
ज्यादा टूट कर 73.40 अंक की गिरावट के साथ 23,442.60 अंक तक पहुंच गया। दिन
के पहले घंटे में ही खरीदारों ने बाजार में अपना जोर बना दिया, जिसकी वजह
से इस सूचकांक की चाल में तेजी आने लगी। लगातार हो रही लिवाली के सपोर्ट से
ये सूचकांक निचले स्तर से 180 अंक से भी अधिक उछल कर 108 अंक की मजबूती के
साथ 23,624 अंक के स्तर तक पहुंच गया। आखिरी आधे घंटे के कारोबार में एक
बार फिर बिकवाली का दबाव बनने की वजह से ये सूचकांक सर्वोच्च स्तर से 50
अंक से अधिक टूट कर 51 अंक की मजबूती के साथ 23,567 अंक के स्तर पर बंद
हुआ।
पूरे दिन के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज
शेयरों में से हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 2.13 प्रतिशत, ग्रासिम इंडस्ट्रीज 2.11
प्रतिशत, बीपीसीएल 1.70 प्रतिशत, जेएसडब्ल्यू स्टील 1.61 प्रतिशत और अडाणी
पोर्ट्स 1.45 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में
शामिल हुए। हीरो मोटोकॉर्प 2.53 प्रतिशत, सन फार्मास्युटिकल्स 2.19
प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 2.14 प्रतिशत, एनटीपीसी 1.34 प्रतिशत और
विप्रो 1.08 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में
शामिल हुए।




