तीन दिन बाद संभला शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी उछले
नई
दिल्ली, 19 जनवरी लगातार तीन दिन की गिरावट के बाद घरेलू शेयर
बाजार में आज तेजी का रुख नजर आ रहा है। मजबूत ग्लोबल संकेतों के सपोर्ट से
शेयर बाजार ने आज बढ़त के साथ कारोबार की शुरुआत की। हालांकि कारोबार शुरू
होने के बाद से ही बाजार में लिवालों और बिकवालों के बीच एक दूसरे पर हावी
होने की कोशिश जारी है, जिसके कारण बाजार की चाल में भी लगातार उतार-चढ़ाव
होता नजर आ रहा है। इसके बावजूद मजबूत सेंटीमेंट्स की वजह से शेयर बाजार
लगातार हरे निशान में बना हुआ है। पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद
सेंसेक्स 0.85 प्रतिशत और निफ्टी 0.82 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर
रहे थे।
शुरुआती एक घंटे के कारोबार के दौरान स्टॉक
मार्केट के दिग्गज शेयरों में से टाइटन कंपनी, भारती एयरटेल, एक्सिस बैंक,
टेक महिंद्रा और एनटीपीसी के शेयर 2.85 प्रतिशत से लेकर 2.09 प्रतिशत की
मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर इंडसइंड बैंक, रिलायंस
इंडस्ट्रीज, सिप्ला, हीरो मोटोकॉर्प और सन फार्मास्युटिकल्स के शेयर 2.28
प्रतिशत से लेकर 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आ रहे थे।
अभी
तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,039 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो
रही थी। इनमें से 1,741 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे
थे, जबकि 298 शेयर नुकसान उठाकर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह
सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 27 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे
निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 3 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में
कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल शेयरों में से 45 शेयर हरे निशान
में और 5 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई
का सेंसेक्स आज 599.88 अंक उछल कर 71,786.74 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार
की शुरुआत होने के बाद से ही बाजार में खरीदार और बिकवाल एक दूसरे पर हावी
होने की कोशिश करने लगे, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में लगातार
उतार-चढ़ाव होता नजर आया। खरीदारी के सपोर्ट से ये सूचकांक उछल कर
71,876.83 अंक के स्तर तक पहुंचा। वहीं बिकवाली का दबाव बनने पर इसने
71,649.88 अंक तक गोता भी लगाया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच
पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 602.15 अंक
की मजबूती के साथ 71,789.01 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा थ
सेंसेक्स
की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 152.95 अंक की बढ़त के साथ 21,615.20 अंक
के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद से ही लिवालों और
बिकवालों के बीच लगातार हो रही खींचतान के कारण इस सूचकांक की चाल भी ऊपर
नीचे होती रही। खरीदारी के सपोर्ट से ये सूचकांक करीब 50 अंक उछल कर
21,665.65 अंक तक पहुंचा। वही बिकवाली का दबाव बनने पर ये लुढ़क कर
21,597.30 अंक तक गिर भी गया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के
बीच पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 176.70 अंक
की तेजी के साथ 21,638.95 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
मजबूत
ग्लोबल संकेतों के बीच आज प्री ओपनिंग सेशन में घरेलू शेयर बाजार ने बढ़त
के साथ कारोबार की शुरुआत की थी। इस सेशन में बीएसई का सेंसेक्स 1,012.59
अंक यानी 1.42 प्रतिशत की तेजी के साथ 72,199.45 अंक के स्तर पर था। वहीं
निफ्टी प्री ओपनिंग सेशन में 255.80 अंक यानी 1.19 प्रतिशत मजबूत होकर
21,718.05 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ था।
इसके पहले पिछले
कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स 313.90 अंक यानी 0.44 प्रतिशत की गिरावट
के साथ 71,186.86 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 109.70 अंक
यानी 0.51 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 21,462.25 अंक के स्तर पर गुरुवार के
कारोबार का अंत किया था।




