लोकसभा में भाजपा जीतेगी 400 से अधिक सीटें : जयवीर सिंह
फिरोजाबाद,
04 फरवरी (हि.स.)। योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार को
कहा कि सपा में सबसे बड़ा परिवारवादी ही सबसे बड़ा समाजवादी होता है।
उन्होंने कहा कि गठबंधन अब ज्यादा दिन तक चलने वाला नहीं है। लोकसभा चुनाव
में भाजपा 400 से भी अधिक सीटें जीतेगी।
प्रदेश सरकार के पर्यटन व
संस्कृति विभाग के मंत्री ठा. जयवीर सिंह रविवार को जिला सहकारी बैंक
फिरोजाबाद के कार्यक्रम में शामिल होने फिरोजाबाद पहुंचे थे। इस दौरान वह
मीडिया से भी रूबरू हुए।
उन्होंने कहा कि पिछले दो-तीन दिन से
अखिलेश जी हमारी पार्टी की अधिक चिंता कर रहे हैं। मेरी उनको सलाह है कि वह
अपनी पार्टी, अपने विधायक और अपने पदाधिकारियों की चिंता करें। भाजपा को
उसके नेतृत्व पर छोड़ दें। पूरे देश और प्रदेश की जनता का समर्थन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मिल रहा है।
यूपी की 80 सीटें और देश में अबकी बार 400 पार भाजपा करेगी।
उन्होंने
कहा कि युवा, किसान और महिलाएं ये ही भाजपा की जातियां हैं। भारत सशक्त और
विकसित के रूप में सामने आ सके इसी प्रयास को लेकर भाजपा आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि सपा ने लोकसभा चुनाव को लेकर 16 उम्मीदवारों की सूची जारी
की है। जिसमें सैफई परिवार के ही तीन लोग हैं। जिनमें फिरोजाबाद से अक्षय
यादव, मैनपुरी से डिंपल यादव और बदायूं से धर्मेंद्र यादव हैं।





