केरल एलडीएफ के विरोध प्रदर्शन पर भाजपा का वार, कहा- देश को बांटने की राजनीति कर रहा है विपक्ष
नई
दिल्ली, 8 फरवरी । दिल्ली में कर्नाटक कांग्रेस, केरल एलडीएफ और
विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शन पर भाजपा ने निशाना साधा है। गुरुवार को
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस गठबंधन देश को
बांटने की राजनीति कर रहा है।
अनुराग ठाकुर ने मीडिया से बातचीत में
कहा कि कांग्रेस गठबंधन के नेता कभी हिन्दी के खिलाफ, कभी हिन्दू के खिलाफ
बयान देते रहते हैं। कांग्रेस देश को बांटने की राजनीति क्यों कर रही है?
कांग्रेस गठबंधन का यह प्रयोग क्या है, देश इसका जवाब चाहता है। सभी
(विपक्षी दल) अपने काले कारनामों को छिपाने के लिए एक मंच पर आए हैं।
उन्होंने
कहा कि कर्नाटक सरकार ने जो लोगों को गारंटी दी थी वो फेल होती दिखाई दे
रही है, हिमाचल प्रदेश में एक लाख सरकारी नौकरियों का वादा किया था, अब
वहां के मुख्यमंत्री अपनी बात से साफ मुकर रहे हैं। साफ है कि कांग्रेस
सिर्फ बांटने की राजनीति कर रही है। ईडी की शिकायत पर 17 फरवरी को दिल्ली
की अदालत द्वारा सीएम अरविंद केजरीवाल को समन भेजे जाने पर केंद्रीय मंत्री
अनुराग ठाकुर ने कहा कि जो लोग भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाते थे, वे अब
भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। अब उन्हें अदालत के सामने पेश होना पड़ेगा।





