पुरानी रंजिश में माता-पिता और बेटे पर बाइक सवारों ने तलवार और चाकू से किया जानलेवा हमला
सिरोही,। पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र के आदिवासी गांव घरट में पुरानी
रंजिश में बाइक सवार कुछ लोगों ने एक परिवार के तीन लोगों पर तलवार, धारिया
और चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। वारदात में दंपती सहित पुत्र गंभीर रूप
से घायल हो गया। सिरोही ट्रॉमा सेंटर में घायलों का इलाज चल रहा है। पिता
की हालत चिंता जनक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार पिंडवाड़ा
थाना क्षेत्र के आदिवासी गांव घरट निवासी रामदेव मंदिर के पुजारी तेजाराम,
उनकी पत्नी जीजा और पुत्र सुरेश तथा अन्य परिजनों के साथ सोमवार शाम ऑटो
रिक्शा में बैठकर गांव तलोई तहसील कोटडा जिला उदयपुर में शादी समारोह में
शामिल होने के बाद वापस घरट गांव वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में
बाइक सवार कुछ युवकों ने उनका ऑटो रिक्शा रोका और उन पर तलवार, धारिया और
चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में तेजाराम महाराज के सिर में काफी
ज्यादा चोट लगी, वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।
मौके पर मौजूद
लोगों ने उन्हें बचाया और एम्बुलेंस 108 को सूचना दी। एम्बुलेंस ने सभी
घायलों को इलाज के लिए पिंडवाड़ा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां से
तेजाराम और सुरेश की हालत चिंताजनक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें
सिरोही के ट्रोमा सेंटर रेफर कर दिया। जिस पर एम्बुलेंस 108 के पायलट
सुरेंद्र सिंह देवड़ा और मेल नर्स जय सिंह ने घायलों को प्राथमिक उपचार
देते हुए सिरोही सरकारी अस्पताल के ट्रोमा सेंटर पहुंचाया। ट्रोमा सेंटर
में डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ में उनका इलाज शुरू किया, देर रात तक तेजाराम
की हालत चिंता जनक बनी हुई थी।





