बिहार के आईपीएस अधिकारी विनय तिवारी को बीएमसी ने संगरोध से मुक्त किया
मुंबई। फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले की
जांच करने आए बिहार के आईपीएस अधिकारी विनय तिवारी को शुक्रवार को मुंबई
नगर निगम ने क्वारेंटाइन से मुक्त कर दिया है। विनय तिवारी 8 अगस्त को
मुंबई से बिहार के लिए रवाना हो सकते हैं।
पुलिस
के अनुसार बिहार के आईपीएस अधिकारी विनय कुमार 2 अगस्त को सुशांत मामले की
जांच के लिए मुंबई आए थे। उस समय मुंबई नगर निगम के अधिकारियों ने उन्हें
14 दिनों के लिए क्वारेंटाइन करके
गोरेगांव स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में रखा था। इस मामले को लेकर मुंबई
पुलिस की जबर्दस्त भद्द पिट गई थी। उस समय मुंबई नगर निगम ने कहा था कि
विनय कुमार को केंद्र सरकार की कोरोना की गाइडलाइन के अनुसार क्वारेंटाइन किया गया है। गुरुवार को इस मामले की जांच सीबीआई के सुपुर्द किये जाने के बाद शुक्रवार को मुंबई नगर निगम ने उन्हें क्वारेंटाइन से मुक्त कर
दिया है। अब वह शनिवार को बिहार रवाना हो सकते हैं। इससे पहले बिहार पुलिस
की 4 पुलिस अधिकारियों की टीम भी सुशांत मामले की जांच के लिए मुंबई आई
थी, जो बिहार लौट चुकी है। फिलहाल सुशांत मामले की जांच ईडी व सीबीआई कर
रही है। आज रिया चक्रवर्ती से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कार्यालय में पूछताछ
हो रही है।





