भारतीय पायलट स्मित मच्छार ने टाली 9/11 जैसी त्रासदी, ट्रंप बोले - हीरो है वो, नेतन्याहू ने किया सलाम

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में बुधवार को जो हुआ, उसने पूरी दुनिया को हिला दिया। 34 हजार फीट की ऊंचाई पर एक पायलट ने ही दूसरे पायलट को जान से मारने की कोशिश की और भरे विमान को क्रैश कराने का प्लान बनाया। इस बड़ी साजिश को नाकाम किया भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार ने। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इसे '9/11 जैसी आपदा' बताते हुए भारतीय पायलट को सच्चा हीरो कहा है। इजरायली पीएम नेतन्याहू के मुताबिक, फ्लाइट में करीब 174 यात्री सवार थे, जिनमें ज्यादातर इजरायली थे।
जब विमान इजरायल के करीब पहुंच रहा था, तभी को-पायलट, जो ओमान का नागरिक बताया जा रहा है, ने कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में स्मित बुरी तरह घायल हो गए, उनके शरीर से खून बह रहा था। हमलावर को-पायलट का इरादा विमान के कंट्रोल को अपने हाथ में लेकर उसे क्रैश कराना था। हमले के बाद विमान हजारों फीट नीचे गोता खाने लगा, कॉकपिट में चीखने-चिल्लाने की आवाजें आने लगीं। इसी बीच जख्मी होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने को-पायलट से भिड़ते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया और मदद के लिए चिल्लाए।
नेतन्याहू ने बताया कि दरवाजा खुलते ही एक इजरायली यात्री यानिव हयून कॉकपिट में पहुंचे। पेशे से प्लंबर हयून ने देखा कि ओमानी पायलट विमान के सिस्टम से छेड़छाड़ कर रहा है। उन्होंने क्रू मेंबर्स के साथ मिलकर हमलावर पायलट को काबू किया। एक अन्य रिजर्व पायलट जो पैसेंजर के तौर पर सफर कर रहा था, उसने विमान को संभाला और स्थिर किया। विमान को इमरजेंसी में सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर उतारा गया। फ्लाईदुबई ने पुष्टि की है कि सभी यात्री और क्रू सुरक्षित हैं। हमलावर पायलट को सऊदी अधिकारियों ने गिरफ्तार कर लिया है।
इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने X पर लिखा, "My salute to the Indian pilot Captain Smit Machchhar for his extraordinary bravery. Despite being stabbed and seriously injured, he fought back, resisted, opened the cockpit door, and enabled passengers and crew to overpower the attacker — preventing a catastrophic mid-air disaster." उन्होंने कहा कि कैप्टन मच्छार ने इजरायली और अन्य देशों के 174 नागरिकों की जान बचाई और 9/11 जैसी बड़ी त्रासदी को टाल दिया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कहा, "बुरी तरह घायल होने के बावजूद कैप्टन कॉकपिट का दरवाजा खोलने और मदद के लिए चिल्लाने में कामयाब रहा। वह एक तरह से हीरो था।" ट्रंप ने को-पायलट को 'शायद आतंकवादी या सनकी' बताया।भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कैप्टन की बहादुरी को सलाम किया। उन्होंने लिखा, "Captain Smit Machchhar is a HERO. In the face of the gravest danger and despite being seriously injured, he showed immense courage. His valour helped save hundreds of lives and avert a great tragedy. India is proud of him."
सऊदी अरब में भारतीय दूतावास के मुताबिक, कैप्टन स्मित मच्छार तबुक के अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत स्थिर है। दूतावास उनके परिवार के संपर्क में है और हर संभव मदद दे रहा है। इजरायल में इस घटना के बाद सभी फ्लाइट्स के पायलटों की जांच तेज कर दी गई है।
विषय





