सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए बिहार टीम में भागलपुर के भानु आर्यन का चयन

भागलपुर। कभी क्रिकेट को अलविदा कहने का मन बना चुके भागलपुर के भानु आर्यन का चयन बिहार टीम में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए है।इससे भागलपुर के वर्तमान पूर्व क्रिकेटरों में काफी उत्साह है। भानु एक प्रतिभाशाली राइट आर्म लेग स्पिनर हैं। हाल ही में आयोजित हेमन ट्राफी में उनके उम्दा प्रदर्शन ने उन्हें यह सुनहरा अवसर दिलाया है। जगदीशपुर निवासी भानु के साथ उनके स्वजन का भी क्रिकेट से काफी लगाव रहा है। उनके पिता देवेंद्र प्रसाद सिन्हा के निधन के उपरांत माता पूनम सिन्हा ने इस क्षेत्र में बेटे का हौसला बढ़ाया।एक साल पहले भानू ने क्रिकेट छोड़ दिया था। उसके बाद माता व भाई ज्ञान कुमार वर्मा के साथ वरिष्ठ खिलाड़ी संजीव चौधरी एवं शैलेंद्र मणि संदेश ने फिर से उन्हें क्रिकेट खेलने के लिए प्रेरित किया। उसके बाद उन्होंने क्रिकेट का अभ्यास शुरू किया। भानू ने 14 वर्ष की उम्र से क्रिकेट में कदम रखा था। उन्होंने पहले पहल यूथ कार्नर क्लब से खेलना शुरू किया था।वर्तमान में वह यूसीसी क्लब से जुड़े हैं। इसके साथ सैडिस कंपाउंड स्टेडियम में वे भागलपुर क्रिकेट अकादमी में नियमित अभ्यास कर रहे थे। वर्तमान में इशाकचक के ईश्वरनगर में भानू व उनके परिवार रह रहे हैं। वह पहला मुकाबला 26 नवंबर को कोलकाता में चंडीगढ़ के खिलाफ खेलेंगे। 28 को मध्यप्रदेश, 30 को जम्मू कश्मीर, दो दिसंबर को महाराष्ट्र, चार को गोवा और 8 दिसंबर को यूपी से मैच होना है।इस चयन से भागलपुर के खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। इनकी इस सफलता पर भागलपुर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सभी सदस्यों ने उन्हें शुभकामना दी हैं। बधाई देने वालों में आनंत कुमार मिश्रा, अमरेश कुमार, डॉ जयशंकर ठाकुर, बासुकीनाथ मिश्रा, गुड्डू, रंजन, देवी शंकर आलोक कुमार और जयंतो राज, उपाध्यक्ष सुबीर मुखर्जी आदि शामिल हैं।





