केरल में हैवानियत: आधी रात घर में घुसा अजगर, फिर 3 दोस्तों ने कर दिया ऐसा कांड, सुनकर नहीं होगा यकीन

केरल से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे। यहां 3 दोस्तों ने भूख नहीं, बल्कि शौक के लिए जंगल के सबसे खतरनाक और संरक्षित जीव को ही अपनी थाली का निवाला बना लिया। ये घटना है त्रिशूर जिले के मान्नमंगलम के चेरुकुन्नु गांव की। शुक्रवार रात जिंसन जोस (36), जिश्नु (30) और विवेक (30) के घर के पास एक बड़ा अजगर दिखाई दिया।
आमतौर पर लोग ऐसे में वन विभाग या स्नेक रेस्क्यू टीम को फोन करते हैं, लेकिन इन तीनों ने कुछ और ही प्लान बना लिया। तीनों ने मिलकर उस अजगर को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि वह एक भारतीय रॉक पायथन था, जो दिखने में भले ही जहरीला न हो लेकिन काफी ताकतवर होता है। उसे पकड़ने के बाद उन्होंने उसे मार डाला और फिर घर ले जाकर उसके मांस को पकाकर खा लिया।
शनिवार सुबह वन विभाग को किसी ने खुफिया सूचना दी कि गांव में किसी संरक्षित सांप को मारकर खाया गया है। टीम ने तुरंत छापा मारा। घर की तलाशी में अधिकारियों को पका हुआ मांस और अजगर के अवशेष मिले, जो सबूत के तौर पर जब्त कर लिए गए। तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। वन अधिकारियों के मुताबिक, अजगर वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की Schedule-1 में आता है, यानी इसे मारना बाघ को मारने जितना ही बड़ा अपराध है। इस कानून के तहत 3 से 7 साल तक की जेल और भारी जुर्माने का प्रावधान है।
ये पहली बार नहीं है। पिछले साल भी उत्तरी केरल के तालिपरंबा में दो लोगों को अजगर मारकर खाने के आरोप में पकड़ा गया था। वहां भी वन विभाग ने घर से पका हुआ मीट बरामद किया था। एक्सपर्ट्स का कहना है कि अजगर अक्सर बारिश के मौसम में चूहों और मुर्गियों की तलाश में घरों के पास आ जाते हैं। उन्हें मारना न सिर्फ गैरकानूनी है, बल्कि पर्यावरण के लिए भी खतरनाक है क्योंकि ये चूहों की संख्या को कंट्रोल में रखते हैं। फिलहाल तीनों दोस्त फॉरेस्ट कस्टडी में हैं और कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें जेल भेजने की तैयारी है।
विषय





