अगस्त में 9 दिन बंद रहेंगे बैंक: जरूरी कार्य समय से पहले निपटाएं

अगस्त में 9 दिन बंद रहेंगे बैंक: जरूरी कार्य समय से पहले निपटाएं
लखनऊ/नई दिल्ली, 29 जुलाई। उत्तर प्रदेश सहित देश के अधिकांश राज्यों में अगस्त 2025 के दौरान बैंकिंग सेवाएं कुल 9 दिनों तक बाधित रहेंगी। इन अवकाशों में रविवार, शनिवार के नियमित अवकाशों के साथ-साथ त्योहारों की छुट्टियां भी शामिल हैं। ऐसे में बैंक संबंधित जरूरी कार्य समय से पहले निपटा लेना आमजन के लिए बेहद जरूरी हो गया है, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
बैंक बंदी की शुरुआत 3 अगस्त (रविवार) से होगी। इसके बाद 9 अगस्त (शनिवार) को रक्षाबंधन के अवसर पर बैंक अवकाश रहेगा। इसी दिन दूसरा शनिवार भी है, जो पहले से ही नियमित बैंक अवकाश दिवस होता है। 10 अगस्त (रविवार) को साप्ताहिक अवकाश रहेगा, जबकि 15 अगस्त (शुक्रवार) को स्वतंत्रता दिवस पर पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे।
16 अगस्त (शनिवार) को जन्माष्टमी पर्व के उपलक्ष्य में उत्तर भारत के कई राज्यों में बैंकों में अवकाश रहेगा। वहीं, 23 अगस्त को चौथा शनिवार है, जिस दिन बैंक पहले से ही बंद रहते हैं। इसके बाद 24 और 31 अगस्त को फिर से रविवार की वजह से बैंकिंग सेवाएं ठप रहेंगी।
इस प्रकार, अगस्त महीने में कुल 9 दिन ऐसे होंगे जब बैंक की शाखाएं बंद रहेंगी। हालांकि, इन छुट्टियों के दौरान ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं, एटीएम, यूपीआई और नेटबैंकिंग जैसी डिजिटल सुविधाएं चालू रहेंगी, लेकिन कैश जमा, चेक क्लीयरेंस, ड्राफ्ट बनवाने और अन्य काउंटर सेवाएं प्रभावित होंगी।
विशेषज्ञों की सलाह है कि ग्राहक बैंक संबंधी कार्यों की पूर्व योजना बनाएं, खासकर यदि उन्हें चेक क्लियरेंस, ऋण किस्त जमा, दस्तावेज सत्यापन या अन्य अनिवार्य कार्य करवाने हों।
भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा पूर्व में जारी बैंक हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार ये सभी छुट्टियां तय की गई हैं। साथ ही यह भी ध्यान देना आवश्यक है कि कुछ राज्य-विशेष अवकाश भी स्थानीय आधार पर लागू हो सकते हैं, इसलिए बैंक की स्थानीय शाखा से जानकारी अवश्य लें।
इस बीच, कई सार्वजनिक और निजी बैंकों ने अपने ग्राहकों को एसएमएस और ईमेल अलर्ट के जरिए छुट्टियों की सूचना देना शुरू कर दिया है, ताकि वे समय रहते अपनी बैंकिंग आवश्यकताओं को पूरा कर सकें।
अगस्त में त्योहारों और weekends की वजह से बैंकों में अवकाश का सिलसिला लंबा रहने वाला है। ऐसे में हर नागरिक को चाहिए कि वह समय रहते अपने जरूरी वित्तीय काम निपटा लें और डिजिटल माध्यमों का अधिकतम उपयोग करें।





