अयोध्या में भाजपा के लोकसभा चुनाव कार्यालय का उद्घाटन
अयोध्या,
04 फरवरी (हि.स.)। वैदिक मंत्रोच्चार तथा हवन पूजन के साथ अयोध्या में
रविवार को लोकसभा चुनाव केन्द्रीय कार्यालय का उद्घाटन हुआ। इसका उद्घाटन
सिविल लाइन स्थित भाजपा कार्यालय में लोकसभा चुनाव संयोजक डा.बांके बिहारी
मणि त्रिपाठी व प्रभारी श्रीकृष्ण शास्त्री ने किया।
उल्लेखनीय है कि केन्द्रीय नेतृत्व के आदेश पर देश की सभी लोक सभाओं में चुनाव कार्यालय खोला जा रहा है।
इस
दौरान सांसद लल्लू सिंह ने कहा अयोध्या का विकास केन्द्र व प्रदेश सरकार
की प्राथमिकताओं में है। रामनगरी के विकास के लिए सरकार ने योजनाओं की
श्रृंखलाएं प्रदान की है। पयर्टन को बढ़ाना देने के लिए श्रद्धालुओं को
विश्व मानकों के अनुसार सुविधाएं दी जा रही है। अयोध्या में एयरपोर्ट व
विश्व स्तरीय रेलवे स्टेशन से अयोध्या को पूरे देश से जोड़ा गया है। रामनगरी
विश्व की धार्मिक राजधानी के रूप में उभरा है।
उन्होंने कहा कि शहर
में जाम से निजात के लिए सड़कों का चौड़ीकरण, छह रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण
कराया गया है। अयोध्या को सोलर सिटी बनाने की दिशा में भी सरकार लगातार
कार्य कर रही है। 163 एकड़ में 40 मेगावाट क्षमता का सोलर प्लांट एनटीपीसी
के सहयोग से बन कर तैयार है।
लोकसभा चुनाव प्रभारी डॉ बीबी मणि
त्रिपाठी ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन से
आम जनता में उत्साह का माहौल है। लोकसभा चुनाव प्रभारी श्रीकृष्ण शास्त्री
ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से सभी पात्र व्यक्तियों को बिना
भेदभाव लाभ मिला है। कार्यकर्ता विभिन्न अभियानों के तहत घर-घर सम्पर्क कर
लाभार्थियों से लगातार सम्पर्क कर रहे है।
इस दौरान महापौर गिरीश
पति त्रिपाठी, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह समेत
बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।





