मुख्य सामग्री पर जाएँ
ब्रेकिंग
Rajasthan Panchayat Election 2026: पंचायत चुनाव का ऐलान, 4 चरणों में होगी वोटिंग, जानिए पूरा शेड्यूलमुंबई में CJP का प्रदर्शन पड़ा भारी! जेल भरो आंदोलन पर FIR, आयोजकों में हड़कंपज्ञानेश कुमार पर चले लोकतंत्र की हत्या का मुकदमा! प्रमोद तिवारी का बड़ा हमलाBJP का झंडा उतारने वाले संजयन त्रिपाठी अब साइकिल पर सवार, समाजवादी पार्टी में हुए शामिलCM Yogi का बड़ा तोहफा: 4.60 लाख छात्रों के खाते में आई छात्रवृत्ति, आपके खाते में आई क्या? चेक करेंNoida: सुपरनोवा की 43वीं मंजिल से युवक ने लगाई छलांग, मौके पर दर्दनाक मौत, सोसाइटी में हड़कंपमुंबई प्रदर्शन के बाद CJP का दिल्ली कूच का ऐलान, अभिजीत दिपके ने कही ये बड़ी बातगठबंधन में फूट! रायबरेली से डरते थे राहुल गांधी! सपा नेता का बड़ा खुलासा, अखिलेश ने दी थी धमकी

सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 · रात 3:17 · नई दिल्ली संस्करण

अजीत डोभाल बोले- बिम्सटेक भारत के 'नेबरहुड फर्स्ट' और 'एक्ट ईस्ट' विजन का प्रमुख मंच

राष्ट्रीय सागर डेस्क2 मिनट का पठन
अजीत डोभाल बोले- बिम्सटेक भारत के 'नेबरहुड फर्स्ट' और 'एक्ट ईस्ट' विजन का प्रमुख मंच

नई दिल्ली,। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल ने गुरुवार को बिम्सटेक राष्ट्रीय सुरक्षा प्रमुखों की 5वीं बैठक को भारत के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह मंच 'नेबरहुड फर्स्ट' (पड़ोसी पहले) नीति, 'एक्ट ईस्ट' नीति और 'महासागर' विजन को दर्शाता है। मौजूदा वैश्विक चुनौतियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय सुरक्षा, संपर्क, क्षमता निर्माण और आर्थिक सहयोग को मजबूत करने के लिए बिम्सटेक देशों के बीच समन्वय और सहयोग बढ़ाना समय की मांग है।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए डोभाल ने भारत की प्राथमिकताओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा, "भारत के लिए बिम्सटेक 'नेबरहुड फर्स्ट' (पड़ोसी पहले) की हमारी सोच, 'एक्ट ईस्ट' नीति के प्रति हमारी प्रतिबद्धता और 'महासागर' विजन का प्रतिनिधित्व करता है।

यह विजन क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक तथा समग्र प्रगति पर आधारित है।"

उन्होंने कहा, "हम ऐसे समय में मिल रहे हैं, जब दुनिया संघर्षों और भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं से गुजर रही है। तेज तकनीकी प्रगति के कारण बहु-आयामी सुरक्षा चुनौतियां और गंभीर हो गई हैं।

वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं (ग्लोबल सप्लाई चेन) में व्यवधान के कारण हमारे सभी देशों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है। ऐसे समय में हमारे लिए सहयोग बढ़ाना, आपसी हितों के लिए निर्णायक कदम उठाना और चर्चा व विचार-विमर्श के जरिए साझा चुनौतियों का समाधान निकालना बेहद जरूरी है।

डोभाल ने कहा कि बिम्सटेक हिंद महासागर क्षेत्र के सबसे महत्वपूर्ण और गतिशील क्षेत्रों को एक साथ लाता है।

उन्होंने कहा, "बिम्सटेक के सदस्य देशों की कुल आबादी 1.7 अरब है, जो दुनिया की लगभग 22 प्रतिशत आबादी है। इन देशों की संयुक्त अर्थव्यवस्था करीब 5 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की है।"

उन्होंने कहा कि बंगाल की खाड़ी सिर्फ भौगोलिक रूप से ही नहीं, बल्कि हजारों वर्षों से चली आ रही साझा सभ्यतागत और सांस्कृतिक विरासत के जरिए भी सदस्य देशों को जोड़ती है।

एनएसए ने कहा, "इन्हीं ऐतिहासिक संबंधों के आधार पर बिम्सटेक ने विभिन्न क्षेत्रों में मजबूत सहयोग विकसित किया है। हमारा लक्ष्य सभी लोगों के लिए साझा समृद्धि और लचीलेपन के साथ बेहतर भविष्य का निर्माण करना है।

डोभाल ने कहा कि बिम्सटेक देशों ने आतंकवाद, अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध, साइबर खतरों और समुद्री सुरक्षा जैसी चुनौतियों से निपटने में सहयोग को मजबूत किया है तथा भविष्य की नई और उभरती चुनौतियों का भी मिलकर सामना करने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने कहा, "बिम्सटेक के क्षेत्रीय सुरक्षा, संपर्क (कनेक्टिविटी), क्षमता निर्माण और आर्थिक सुरक्षा के दीर्घकालिक लक्ष्य हमारी सामूहिक कोशिशों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।"

यह ख़बर दूसरों तक पहुँचाएँ

WhatsAppFacebookX

संबंधित ख़बरें