कार्यकर्ता खुद कोरोना से बचें और दूसरों को जागरूक करें : अर्जुन मुंडा
खूंटी।
कोरोना तेजी से पांव पसार रहा है। इस वैश्विक महामारी को लेकर पूरा विश्व चिंतित है। हम सतर्कता बरतकर ही कोविड-19 के संक्रमण से बच सकते हैं। ये बातें जनजातीय मामलों के केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहीं। मंत्री बुधवार को भाजपा के जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। कार्यकर्ताअें को कोरोना संक्रमण के प्रति सचेत करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि इस संक्रमण से बचने के लिए हमें सरकार के नियमों का पालन करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव का सबसे अच्छा उपाय है हमेशा मास्क पहनना और शारीरिक दूरी का पालन करना। उन्होंने कहा कि संक्रमण की इस घड़ी में कार्यकर्ता खुद को इस बीमारी से बचायें और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करें। मंत्री ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे स्वच्छता के साथ शारीरिक दूरी का पालन और मास्क का उपयोग जरूर करें। मौके पर मंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं का सेनिटाइजर, मास्क, साबून आदि दिये और उनकी समस्याओं को सुना। मंत्री ने एक-एक कर कई कार्यकर्ताओं की शिकायतों को सुना और उनके निराकरण की बात कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर गुप्ता ने की। मौके पर जिला परिषद की अध्यक्ष जोनिका गुड़िया, नगर पंचायत अध्यक्ष अर्जुन पाहन, सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष ओपी कश्यप, खूंटी की प्रमुख रूकमिला देवी, जगन्नाथ मुंडा, सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।





