महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में कोरोना के 29911 मामले, 738 लोगों की मौत
देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर का कहर जारी है। कोविड से होने वाली मौतों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी से दहशत का माहौल है। लगातार बढ़ते कोरोना मरीजों की वजह से देश भर के अस्पतालों में बेड, वेंटिलेटर, रेमडेसिविर और ऑक्सीजन की किल्लत जारी है। सैकड़ों लोग बिना इलाज के ही दम तोड़ रहे हैं। यूपी, दिल्ली, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश समेत ज्यादातर राज्यों में तमाम पाबंदियां लागू हैं। पिछले 24 घंटे में 2.76 लाख नए कोरोना मरीज मिले हैं और 3,874 की जान चली गई है।
महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में कोरोना के 29911 नए मामले
महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में कोरोना के 29,911 नए मामले सामने आए हैं और 738 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 47,371 लोग स्वस्थ भी हुए हैं।
राजस्थान में बीते 24 घंटे में कोरोना के 7680 नए मामले
राजस्थान में बीते 24 घंटे में कोरोना के 7680 नए मामले सामने आए हैं और 127 लोगों की मौत हो गई है।
कोरोना महामारी के दौरान डब्ल्यूएचओ की अहम भूमिका: हर्षवर्धन
33 वीं राष्ट्रमंडल स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा कि इस दिशा में डब्ल्यूएचओ की नेतृत्व वाली पहल एक महत्वपूर्ण वैश्विक सहयोग साबित हुई है जो विकास, उत्पादन, उपचार और टीकों के उत्पादन में समानता ला रही है। उन्होंने कहा कि भारत ने 'वसुधैव कुटुम्बकम' के अपने लंबे समय से विश्वास के अनुरूप अपनी 'वैक्सीन मैत्री' पहल के तहत 90 से अधिक देशों को कोविड 19 के टीके प्रदान किए हैं
आंध्र प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 22,610 नए मामले
आंध्र प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 22,610 नए मामले सामने आए हैं और 114 लोगों की मौत हुई है। इस दौरान 23,098 लोग स्वस्थ भी हुए।
जरूरत पड़ेगी तो हम दिल्ली में ब्लैक फंगस को महामारी घोषित करेंगे : केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर जरूरत पड़ेगी तो हम दिल्ली में ब्लैक फंगस को महामारी घोषित करेंगे। हम अब दिल्ली में अपने ऑक्सीजन प्लांट लगाने के बारे में सोच रहे हैं। दिल्ली के अंदर अब 1-2 दिन की वैक्सीन बची है।
18-44 साल के बीच के लोगों को अब तक लगभग 70 लाख डोज दी गई
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने अब तक पूरे देश में करीब 18 करोड़ कोरोना वैक्सीन की डोज दी गई है। इसमें 18-44 साल के बीच के लोगों को अब तक लगभग 70 लाख डोज दी गई है।
देश के आठ राज्यों में 69 फीसदी मरीज
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि देश के कुल सक्रिय मामलों का 69% सिर्फ 8 राज्यों में हैं। 21 राज्य ऐसे हैं जहां रोजाना रिकवर मामलों की संख्या नए मामलों से ज्यादा है। उन्होंने कहा कि देशभर में 3 मई को सक्रिय मामले 17.13 फीसदी थे, वे अब 12.1 फीसदी रह गए हैं। रिकवरी रेट 81.7 फीसदी से बढ़कर 86.7 फीसदी हो गई है। पिछले 10 दिनों में सक्रिय मामलों और रिकवर मामलों की तुलना करें तो 10 में से 9 दिनों को रिकवर मामले ज्यादा दर्ज किए गए। उन्होंने कहा कि पिछले 24 घंटों में देशभर में 2,76,000 मामले दर्ज किए गए हैं।





