नाबालिग से दुष्कर्म मामले के दोषी को 20 साल की कैद
रांची। पोक्सो के विशेष न्यायाधीश आसिफ इकबाल की अदालत ने मंगलवार को नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म मामले में दोषी जोहन डांग को 20 साल कैद की सजा सुनायी है। साथ ही उस पर 20 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना राशि नहीं देने पर जोहन डांग को एक साल की अतिरिक्त साधारण कारावास की सजा भुगतनी होगी।
जोहन डांग इस मामले में एक नवंबर 2022 से जेल में है। इससे पूर्व अदालत ने जोहन को 25 जनवरी को दोषी करार दिया था। जोहन डांग रांची में सदर थाना क्षेत्र में किराये के घर में रहता था। उस पर मकान मालिक की नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म करने का आरोप है। लड़की के परिजनों ने सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी। मामले में अभियोजन की ओर से सात गवाहों को प्रस्तुत किया गया था।





