सीवान के ऐतिहासिक महेंद्रनाथ मंदिर में भगदड़, दो की मौत
पटना/सीवान। बिहार के सीवान जिले में ऐतिहासिक महेंद्र नाथ मंदिर में सावन की पहली सोमवारी पर सुबह अचानक मची भगदड़ में दो श्रद्धालु महिलाओं की मौत हो गई। इस भगदड़ में एक महिला घायल हो गई है।
सूचना मिलते ही सीवान थाने और चैनपुर महादेवा ओपी पुलिस पहुंची। पुलिस के मुताबिक मृतकों में हुसैनगंज थाना क्षेत्र के प्रतापपुर निवासी मोताब चौधरी की पत्नी लीलावती देवी और जीरादेई थाना क्षेत्र के पथार गांव की रहने वाली सुहागमती देवी शामिल हैं। घायल महिला प्रतापपुर निवासी जनक देव भगत की पत्नी शिव कुमारी है। उसका इलाज सीवान सदर अस्पताल में चल रहा है।
घायल शिव कुमारी के पति जनक देव भगत ने बताया कि मंदिर में जल चढ़ाने आये थे। पहली सोमवारी होने के कारण सुबह तीन बजे मंदिर का गेट खुल गया था। श्रद्धालुओं की भीड़ थी। लोगों के एक साथ घुसने के दौरान भगदड़ मच गई। इस वजह से हादसा हुआ।





