श्रीलंका छोड़ मालदीव पहुंचे गोटबाया राजपक्षे
कोलंबो । श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे इस समय मालदीव में हैं। मानदीव ने उन्हें शरण देने से इनकार कर दिया है। वह अब माले से सिंगापुर जाना चाहते हैं, लेकिन सुरक्षा कारणों से वह सिंगापुर एयरलाइन के विमान पर सवार नहीं हो सके। गोटबाया अब एक निजी विमान का इंतजार कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि उन्होंने बुधवार को श्रीलंका के राष्ट्रपति के रूप में इस्तीफा देने की घोषणा की थी, पर देश छोड़ने के कुछ घंटों बाद ही उन्होंने प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे को कार्यवाहक राष्ट्रपति बना दिया, जिसके बाद श्रीलंका में राजनीतिक संकट गहरा गया है तथा सरकार विरोधी प्रदर्शन और उग्र हो गया है।
संसद के अध्यक्ष महिंदा यापा अभयवर्द्धने ने कहा कि राजपक्षे ने रानिल विक्रमसिंघे को तब तक राष्ट्रपति का दायित्व निर्वहन करने के लिए नियुक्त किया है, जब तक वह बाहर हैं। राजपक्षे, उनकी पत्नी लोमा और दो सुरक्षा अधिकारी बुधवार रात को माले से उड़ान संख्या ‘एसक्यू 437’ के जरिए सिंगापुर के लिए रवाना होने वाले थे, लेकिन सुरक्षा कारणों से वे विमान पर सवार नहीं हुए। खबर में कहा गया है कि राजपक्षे अब एक निजी विमान का इंतजार कर रहे हैं। इस बीच कोलंबो में अभयवर्द्धने ने बताया कि कि उन्हें राष्ट्रपति राजपक्षे से अभी तक इस्तीफा प्राप्त नहीं हुआ है।





