लोकसभा सीट शेयरिंग पर दिल्ली में कांग्रेस और जेएमएम के नेताओं की हुई बैठक, जेएमएम ने कहा- सकारात्मक रही बातचीत
रांची: झारखंड में लोकसभा की 14 सीटों पर इंडिया दलों के बीच सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय करने के लिए शनिवार को दिल्ली में कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं के बीच बैठक हुई। इस बैठक में झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष और मंत्री चम्पई सोरेन, केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्या, विनोद पांडेय और विधायक सुदिव्य कुमार सोनू शामिल हुए। बैठक के बाद झामुमो के केंद्रीय महासचिव ने कहा कि वार्ता सकारात्मक रही है और जल्द ही राज्य में एक सर्वमान्य फॉर्मूला तय हो जाएगा। कांग्रेस की ओर से इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कांग्रेस विधायक दल के नेता और मंत्री आलमगीर आलम शामिल हुए। कांग्रेस के केंद्रीय महासचिव मुकुल वासनिक, सलमान खुर्शीद, अशोक गहलौत और मोहन प्रकाश भी इस बैठक में उपस्थित रहे.
सीट शेयरिंग पर जल्द होगा फैसला
शनिवार को दिल्ली में हुई इस बैठक को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव और राज्य समन्वय समिति के सदस्य विनोद पांडेय ने बताया कि इंडी गठबंधन की बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव के लिए सहयोगी दलों के बीच लोकसभा सीटों को लेकर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि बैठक सकारात्मक रही है और जल्द ही हम सभी एक सर्वमान्य फॉर्मूले पर पहुंच जायेंगे।





