कोहरे की वजह से नदी में जा गिरी तेज रफ्तार कार, चार की मौत, एक घायल
लखनऊ । बिजनौर में कोहरे की वजह से कार नदी में गिर गई, इसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार यहां पर तेज रफ्तार कार राम गंगा नदी पर बने बैराज पुल से नदी में जा गिरी। इसमें पांच लोग सवार थे। इनमें से 4 लोगों की डूबने से मौत हो गई है, जबकि एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि अफजलगढ़ थाना इलाके के हरेवली बैराज पुल से एक कार नदी में गिर गई। बताया जा रहा है कि कोहरे की वजह से यह हादसा हुआ है। तेज रफ्तार कार में पांच लोग सवार थे। इसमें से चार लोगों की नदी में डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू कर एक युवक को बचा लिया है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस द्वारा चारों युवकों के शवों को भी निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि पांचों लोग अफजलगढ़ से प्रदर्शनी देखकर घर शेरकोट वापस जा रहे थे। इसी दौरान घेन कोहरे के कारण कार दुर्घटना की शिकार हो गई।





