स्वतंत्रता दिवस को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर बढाई गई सुरक्षा व्यवस्था

पूर्वी चंपारण। स्वतंत्रता दिवस को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था बढा दी गई है। सीमाई शहर रक्सौल में सभी संवेदनशील स्थानों की सघन निगरानी की जा रही है।इसके साथ ही रक्सौल रेलवे स्टेशन पर भी कड़ी निगरानी की जा रही है।वरीय पदाधिकारियों के दिशा-निर्देश के आलोक में रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट रक्सौल के निरीक्षक ऋतुराज कश्यप व राजकीय रेल थानाध्यक्ष पवन कुमार के नेतृत्व की टीम के द्वारा लगातार रक्सौल जंक्शन पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।आरपीएफ निरीक्षक ऋतुराज कश्यप ने बताया कि नियमित तौर पर मेटल डिटेक्टर मशीन की मदद से तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। आरपीएफ-जीआरपी के द्वारा माइकिंग कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। खासकर रक्सौल से आनंद विहार (दिल्ली) व हावड़ा (कलकता) जाने वाली ट्रेन सहित लंबी दूरी की सभी ट्रेनो की सघन निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही सशस्त्र सीमा बल के जवानों के श्वान दस्ता की मदद से भी चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।





