नीतीश सरकार के कई मंत्री कोविड पॉजिटिव
पटना । बिहार में कोरोना तेजी से पैर पसार रहा है और हर दिन लोग इसकी चपेट में आ रहे हैं। मंगलवार को पीएम नरेंद्र मोदी के पटना आने से ठीक पहले बिहार की नीतीश कैबिनेट पर कोरोना का कहर बरपा है। कोरोना के बढ़ते खतरे का हाल ये है कि बिहार सरकार के छह मंत्री इसकी चपेट में आ चुके हैं, साथ ही कुछ और मंत्रियों की सेहत ठीक नहीं बताई जा रही है। उनकी आरटीपीसीआर की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है, वहीं कुछ विधायक भी इसकी चपेट में हैं। दरअसल पीएम नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे जो कि मंगलवार की शाम को है से ठीक पहले बिहार के मंत्रियों की जांच कराई गई। जिन मंत्रियों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है उनमें डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद, मंत्री संजय झा, मंत्री विजेंद्र यादव, मंत्री लेसी सिंह, मंत्री जयंत राज और मंत्री विजय चौधरी शामिल हैं। सभी अपने आवास में ही होम आइसोलेशन में रह कर चिकित्सकों की निगरानी में हैं। जाहिर है इन मंत्रियों के कोविड पॉज़िटिव होने की वजह से प्रधानमंत्री के दौरे पर आयोजित विधान सभा शताब्दी समारोह में शामिल होने का मौका नहीं मिल सकेगा। विधानसभा के शताब्दी समारोह में पहली बार कोई प्रधानमंत्री बिहार विधानसभा आ रहे हैं और पटना में मगंलवार की शाम को ही पीएम का कार्यक्रम है। इसकी तैयारियां भी पूरी हो चुकी हैं। बिहार में पिछले कुछ दिनों से कोरोना का असर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे स्वास्थ्य महकमा भी चिंतित है। कोरोना के बढ़ते मामले को लेकर बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि कोरोना का मामला पिछले कुछ दिनों में तेजी से बढ़ा है। अभी बिहार में 1800 से ज्यादा मामले सामने आये हैं। बिहार में रोज 1 लाख 25 हजार से ज्यादा जांच की जा रही है। जांच करने के मामले में बिहार देश मे सबसे ऊपर है और स्वास्थ्य विभाग पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।





