'कौन हैं रॉबर्ट वाड्रा', असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने किया कटाक्ष

पटना। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जीजा और कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा पर तीखा कटाक्ष किया है। वे बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों पर रॉबर्ट वाड्रा की तरफ से उठाए गए सवालों पर जवाब दे रहे थे।
हिमंत बिस्वा सरमा से पत्रकारों ने पूछा, 'रॉबर्ट वाड्रा कह रहे हैं कि हार-जीत होती रहेगी। राहुल गांधी लगातार आंदोलन कर रहे हैं।
" इस पर मुख्यमंत्री ने कहा, "रॉबर्ट वाड्रा कौन हैं? क्या वह सांसद या विधायक हैं? क्या अब हमें राहुल गांधी के जीजा का पीछा करना होगा?"
इससे पहले, कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा ने बिहार चुनाव के नतीजों को खारिज करते हुए दोबारा चुनाव कराने की बात उठाई थी और आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने एनडीए की मदद की।
उन्होंने महागठबंधन की हार पर कहा, "सभी को लग रहा है कि जो चुनाव हुआ है, उसमें चुनाव आयोग ने एनडीए सरकार को जिताने के लिए मेहनत की है। नतीजों से लोग खुश नहीं हैं। 10 हजार रुपए देकर लोगों को खरीदा जा रहा है। ऐसी चीजें नहीं होनी चाहिए थीं। चुनाव आयोग को यह रोकना था, लेकिन उन्होंने चलने दिया।"
उन्होंने आगे कहा, "देश और बिहार की जनता इस नतीजे से खुश नहीं है। अगर चुनाव दोबारा हों और बैलेट पेपर से हों तो निश्चित तौर पर नतीजे बदलेंगे।
इस दौरान, सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने पश्चिम बंगाल में एसआईआर प्रक्रिया के बीच बांग्लादेशी नागरिकों के राज्य छोड़ने पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "बांग्लादेशियों को भारत में क्यों रहना चाहिए? अगर एसआईआर उन्हें भारत छोड़ने पर मजबूर करता है, तो हमें इस कदम का स्वागत करना चाहिए।"
असम के मुख्यमंत्री गुरुवार को पटना पहुंचे और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। उन्होंने नीतीश कुमार और उनकी कैबिनेट के नवनिर्वाचित मंत्रियों को बधाई दी।





