उधमपुर को मिली तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात, रेल मंत्रालय ने दी मंजूरी

उधमपुर। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। जम्मू तवी और श्रीनगर के बीच चलने वाली तीसरी और नई वंदे भारत एक्सप्रेस को उधमपुर में ठहराव देने की मंजूरी रेल मंत्रालय ने दे दी है। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी साझा की।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग और उनकी ओर से किए गए अनुरोध को रेल मंत्रालय ने स्वीकार करते हुए जम्मू और श्रीनगर के बीच प्रस्तावित तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस का उधमपुर में स्टॉपेज मंजूर किया है।
उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को त्वरित और सकारात्मक निर्णय के लिए धन्यवाद दिया। डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस क्षेत्र के लोगों की आकांक्षाओं और जरूरतों के प्रति संवेदनशील चिंता को एक बार फिर दर्शाता है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने डॉ. जितेंद्र सिंह को भेजे पत्र में बताया कि जनसुविधा और क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से भारतीय रेल यात्री मांग और परिचालन आवश्यकताओं के अनुरूप समय-समय पर रेल सेवाओं का विस्तार करती रही है।
पत्र में कहा गया है कि जम्मू तवी और श्रीनगर के बीच तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस को शहीद कैप्टन तुषार महाजन उधमपुर के रास्ते संचालित करने की मंजूरी प्रदान कर दी गई है। यह ट्रेन ट्रेन संख्या 26407/26408 जम्मू तवी-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस के रूप में संचालित होगी।
इस फैसले से उधमपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को जम्मू तथा श्रीनगर के बीच तेज और आधुनिक रेल संपर्क की सुविधा मिलेगी।
स्थानीय स्तर पर लंबे समय से उधमपुर में इस ट्रेन के ठहराव की मांग की जा रही थी।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने इसे क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि नई वंदे भारत सेवा का उधमपुर में ठहराव स्थानीय आबादी की मांगों को पूरा करने के साथ-साथ क्षेत्रीय संपर्क को भी और मजबूत करेगा।





