उपेन्द्र कुशवाहा की रालोजद अब राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नाम से जाना जाएगा

उपेन्द्र कुशवाहा की रालोजद अब राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नाम से जाना जाएगा
पटना। उपेन्द्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक जनता दल अब राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नाम से जाना जाएगा। इसकी जानकारी रविवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में श्री कुशवाहा ने दी और पार्टी के नए नाम का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने पार्टी के निबंधन के लिए दिए गए आवेदन में रालोजद नाम के अतिरिक्त तीन या उससे अधिक नामों की जानकारी मांगी थी। पार्टी द्वारा पहले स्थान पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा नाम के साथ 5 अन्य नाम आयोग को भेजा था। चुनाव आयोग से मिली सूचना के अनुसार उनके दल को राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नाम से निबंधित किया गया है।
श्री कुशवाहा ने कहा कि अब लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय लोक मोर्चा एनडीए गठबंधन के तहत चुनाव लड़ेगी एवं राज्य के सभी 40 सीटों पर एनडीए की जीत सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने फिलहाल उनको मिलने वाली सीट को लेकर कहा कि यह एनडीए द्वारा तय होगा, वे एनडीए के साथ हैं। उन्होंने राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद द्वारा जदयू के लिए दरवाजा खुला रखे जाने के सवाल पर कहा कि जदयू के राजद से अलग होने के बाद वे आसमान से धड़ाम से नीचे गिर गए हैं। अब वे कुछ भी बोलते रहें।
मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधायक रमेश कुशवाहा, राष्ट्रीय महासचिव सह प्रवक्ता ई. शम्भू नाथ सिन्हा, बैधनाथ मेहता, अंगद कुशवाहा, प्रशांत पंकज, अनंत कुमार गुप्ता, खुर्शीद अहमद, प्रमोद सिंह राजपूत, मो. शाद हुसैन आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।





