मणिपुर में केसीपी (नोयोन) संगठन के दो उग्रवादी गिरफ्तार
इंफाल। मणिपुर में हथियार और गोला-बारूद की बरामदगी के साथ ही
उग्रवादियों के पकड़े जाने का सिलसिला भी लगातार जारी है। इसी सिलसिले में
सुरक्षा बलों के अभियान में दो कट्टर केसीपी (नोयोन) संगठन के उग्रवादियों
को पकड़ा गया।
मणिपुर पुलिस ने आज बताया है कि पुलिस ने
इंफाल पश्चिम जिले से केसीपी (नोयोन) संगठन के जिन दो सक्रिय कैडरों को
गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान इंफाल पश्चिम के खोइनाइजम रॉबर्टसन सिंह (23)
और इंफाल पूर्व के निकटवर्ती काकचिंग जिले के खैदेम नाओबा मैतेई (20) के
रूप में हुई है।
दोनों दुकानों और व्यक्तियों से जबरन वसूली में
शामिल थे। उनके पास से दो मोबाइल फोन, एक दोपहिया वाहन और कुछ आपत्तिजनक
वस्तुएं बरामद की गईं। आगे की जांच के लिए मामला दर्ज कर लिया गया है।
उग्रवादी गतिविधियों में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा पूरे राज्य में छापामारी अभियान चलाया जा रहा है।





