दिल्ली में गिरफ्तार लश्कर से जुड़ा संदिग्ध आतंकी रियाज अहमद ट्रांजिट रिमांड पर जम्मू-कश्मीर पुलिस को सौंपा गया
नई
दिल्ली, 06 फरवरी । दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट ने जम्मू-कश्मीर के
कुपवाड़ा में सक्रिय लश्कर-ए-तैयबा मॉड्यूल से जुड़े संदिग्ध आतंकी रियाज
अहमद को ट्रांजिट रिमांड पर जम्मू-कश्मीर भेज दिया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस
ने तीस हजारी कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड की मांग की थी।
भारतीय सेना
से रिटायर रियाज अहमद को आज ही नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से उस समय गिरफ्तार
किया गया था, जब वो पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहा था। दिल्ली पुलिस
के मुताबिक रियाज अपने एक सहयोगी अल्ताफ के साथ महाकौशल एक्सप्रेस में
बैठा था। वो जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचा था। वहां से
वह ऑटो लेकर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचा, जहां से उसे आगे जाना था।
दिल्ली पुलिस ने रियाज के कब्जे से एक मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद
किया है। दिल्ली पुलिस ने रियाज के खिलाफ आईपीसी की धारा 120बी और आर्म्स
एक्ट की धारा 7, 25 और यूएपीए की धाराओं 13, 18, 20, 23, 38 और 39 के तहत
एफआईआर दर्ज की है। दिल्ली पुलिस ने रियाज को गिरफ्तार करने के बाद
जम्मू-कश्मीर की पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उसे
ट्रांजिट रिमांड पर लिया है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक रियाज अहमद
31 जनवरी, 2023 को अपने दोस्त अल्ताफ के साथ रिटायर हुआ था। रियाज आरोपित
गुलाम सरवर के साथ मिलकर सीमा पार पाकिस्तान से हथियार और गोला-बारूद की
खेप भारत में लाने में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। दिल्ली पुलिस को इसके
बारे में दो दिन पहले 4 फरवरी को एक गुप्त सूचना मिली थी, यह जम्मू-कश्मीर
के आतंकवादी गतिविधि के मामले में वांटेड भी था।





