मुख्य सामग्री पर जाएँ
ब्रेकिंग
Rajasthan Panchayat Election 2026: पंचायत चुनाव का ऐलान, 4 चरणों में होगी वोटिंग, जानिए पूरा शेड्यूलमुंबई में CJP का प्रदर्शन पड़ा भारी! जेल भरो आंदोलन पर FIR, आयोजकों में हड़कंपज्ञानेश कुमार पर चले लोकतंत्र की हत्या का मुकदमा! प्रमोद तिवारी का बड़ा हमलाBJP का झंडा उतारने वाले संजयन त्रिपाठी अब साइकिल पर सवार, समाजवादी पार्टी में हुए शामिलCM Yogi का बड़ा तोहफा: 4.60 लाख छात्रों के खाते में आई छात्रवृत्ति, आपके खाते में आई क्या? चेक करेंNoida: सुपरनोवा की 43वीं मंजिल से युवक ने लगाई छलांग, मौके पर दर्दनाक मौत, सोसाइटी में हड़कंपमुंबई प्रदर्शन के बाद CJP का दिल्ली कूच का ऐलान, अभिजीत दिपके ने कही ये बड़ी बातगठबंधन में फूट! रायबरेली से डरते थे राहुल गांधी! सपा नेता का बड़ा खुलासा, अखिलेश ने दी थी धमकी

सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 · सुबह 9:54 · नई दिल्ली संस्करण

दिल्ली के द्वारका में फर्जीवाड़ा, एक्सपायर खाद्य सामान बेचने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

राष्ट्रीय सागर डेस्क3 मिनट का पठन
दिल्ली के द्वारका में फर्जीवाड़ा, एक्सपायर खाद्य सामान बेचने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली के द्वारका इलाके में अपराध शाखा ने एक बड़े संगठित रैकेट का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह रैकेट एक्सपायर्ड और छेड़छाड़ किए गए खाने-पीने के सामान को दोबारा पैक करके बाजार में बेचने का काम कर रहा था। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में नामी कंपनियों के उत्पाद भी बरामद किए हैं, जिन पर नकली निर्माण और समाप्ति तिथि छापी गई थी।

पुलिस के अनुसार 29 मार्च को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि द्वारका के बामनोली गांव में एक गोदाम के अंदर अवैध तरीके से खाद्य पदार्थों की रीपैकेजिंग का काम चल रहा है। सूचना मिलते ही एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने पूरी योजना के साथ मौके पर छापा मारा।

छापेमारी के दौरान गोदाम के अंदर बड़ी मात्रा में कोल्ड ड्रिंक्स और अन्य खाने-पीने के सामान पाए गए।

जांच में सामने आया कि ये सामान या तो एक्सपायर हो चुके थे या उनकी एक्सपायरी तारीख बहुत करीब थी। मौके पर मौजूद दो लोगों को पकड़ लिया गया, जिनकी पहचान शिवम सिंह और लोकेश कुमार के रूप में हुई। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे यह काम कमल मुदगिल के कहने पर कर रहे थे, जो इस पूरे नेटवर्क का मुख्य संचालक है। कुछ ही देर बाद कमल मुदगिल भी मौके पर पहुंच गया, जिसे पुलिस ने तुरंत गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि इस रैकेट में आरोपी पहले बाजार से एक्सपायर या जल्द एक्सपायर होने वाले उत्पाद सस्ते दामों पर खरीदते थे। इसके बाद वे उन उत्पादों पर लिखी असली निर्माण और समाप्ति तिथि को केमिकल की मदद से मिटा देते थे। फिर विशेष मशीन के जरिए उन पर नई और नकली तारीखें छाप दी जाती थीं। इसके बाद सामान को नए कार्टन में पैक करके बाजार में ऊंचे दामों पर बेच दिया जाता था। इस प्रक्रिया के जरिए आरोपी न केवल लोगों को धोखा दे रहे थे, बल्कि उनकी सेहत के साथ भी गंभीर खिलवाड़ कर रहे थे।

छापे के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में कोल्ड ड्रिंक्स और बिस्किट जैसे खाद्य उत्पाद जब्त किए हैं। इसके अलावा, नकली तारीखें छापने वाली प्रिंटिंग मशीन और केमिकल भी बरामद किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल इस अवैध काम में किया जा रहा था। मौके पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को भी बुलाया गया, जिसने उत्पादों के सैंपल लेकर जांच शुरू कर दी है।

इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस रैकेट का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से बड़ी मात्रा में असुरक्षित खाद्य पदार्थों को बाजार में पहुंचने से रोका गया है। यह कार्रवाई उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है और इससे ऐसे अवैध कारोबार करने वालों में डर का माहौल बनेगा।

यह ख़बर दूसरों तक पहुँचाएँ

WhatsAppFacebookX

संबंधित ख़बरें