युवक को बस से उतारा फिर लूट कर मारी गोली -एसडीपीओ ने कहा-जांच कर करेंगे कार्रवाई
सीतामढ़ी। मंगलवार रात को एक युवक को अपराधियों ने बस से उतार कर गोली मार दी। घटना जिला के रीगा-मेजरगंज रोड के सोनार बाजार की बताई जा रही है। जहां पर देर रात अज्ञात बदमाशों ने पहले युवक को बस से उतारा फिर रुपए लूट कर गोली मार दी। आसपास के लोगों ने उसे इलाज के लिए शहर के निजी क्लिनिक में भर्ती कराया। जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।घायल की पहचान मेजरगंज थाना क्षेत्र के राम भरोस साह के 24 साल के बेटे मनोज कुमार साह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार घायल मनोज साह सीतामढ़ी रीगा बस स्टैंड से बस में बैठकर घर लौट रहा था। इस दौरान मौदह के पास अज्ञात बदमाशों ने लूटपाट की नीयत से उसके पेट में गोली मार दी।घटना की सूचना पर एसडीपीओ सदर समेत मेजरगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीपीओ सदर राम कृष्णा ने बताया कि कोई पहले से रेकी करके गया था। युवक गुदरी से पैसे लेकर घर जा रहा था। इस दौरान घटना को अंजाम दिया गया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही सब कुछ पता चल जाएगा।





