तिलकोत्सव की खुशियां मातम में बदलीं: वार्ड पार्षद राजा बाबू ठाकुर की चाकू मारकर हत्या

छपरा। जिले के मांझी प्रखंड अंतर्गत नगर पंचायत क्षेत्र मांझी के गोढा गांव में शनिवार की रात आपसी विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जहां वार्ड संख्या 9 के वार्ड पार्षद राजा बाबू ठाकुर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना उस वक्त हुई जब उनके घर पर तिलकोत्सव की तैयारियां चल रही थीं और पूरे परिवार में खुशी का माहौल था, जो देखते ही देखते मातम में बदल गया।
मृतक अशोक ठाकुर के पुत्र राजा बाबू ठाकुर अपने चचेरे भाई मुकेश ठाकुर (पुत्र तारकेश्वर ठाकुर) और भाई रितेश ठाकुर के साथ घर पर आयोजित कार्यक्रम में व्यस्त थे। इसी दौरान देर शाम करीब नौ बजे पड़ोसियों के साथ विवाद हुआ, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान अपराधियों ने तीनों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही रात करीब साढ़े ग्यारह बजे वार्ड पार्षद राजा बाबू ठाकुर ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य दोनों घायलों का इलाज जारी है।
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। जिस घर में तिलकोत्सव को लेकर मंगलगान हो रहा था, वहां चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया। बड़ी संख्या में पहुंचे रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
पुलिस एक्शन मोड में, एसआईटी गठित
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बिनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल कार्रवाई शुरू की। हालात की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर गांव में कैंप किया जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गहन जांच की। उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी ) का गठन किया गया है और लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची
फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं, जिससे जांच को और मजबूत किया जा सके। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मृतक राजा बाबू ठाकुर अपने तीन भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़े थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है।





