पूरा देश मोदी का परिवार हैः शिवराज सिंह चौहान
इंडी गठबंधन वाले केवल अपने बेटा-बेटी का विकास करते हैं: पूर्व सीएम
भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इंडी गठबंधन के लोग कहते हैं कि मोदी का तो कोई परिवार ही नहीं है, लेकिन मोदी कहते हैं कि सारा देश मेरा परिवार है, सारे भाई-बहन मेरा परिवार है, सारे बेटा-बेटी मेरा परिवार है। इंडी गठबंधन के लोग केवल अपने बेटा-बेटी का विकास करते हैं। स्टालिन, उदयनिधि के लिए है, ममता बनर्जी अभिषेक बनर्जी के लिए है, लालू यादव, तेजस्वी यादव के लिए है। यह अगर हैं तो केवल अपने बेटा-बेटियों के लिए, लेकिन मोदी तो सारे देश के लिए हैं। अगर डीएमके जीतेगी तो स्टालिन के परिवार का विकास होगा और भाजपा जीतेगी तो पूरे तमिलनाडु का विकास होगा, भारत की जनता का विकास होगा।
मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री चौहान सोमवार को तमिलनाडु के अराक्कोनम और कांचीपुरम लोकसभा में चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक और भाजपा बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने वैल्लोर के प्रसिद्ध श्रीलक्ष्मी नारायणी गोल्डन टेंपल में पूजा-अर्चना की और देश व प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की। साथ ही मंदिर परिसर में पौधरोपण भी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि तमिलनाडु आकर अत्यंत प्रसन्न हूं, यहां की जनता में प्रधानमंत्री के लिए अद्भुत प्रेम है। तमिलनाडु के विकास और यहां की जनता के कल्याण के लिए पिछले 10 सालों में पांच लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि मोदी सरकार ने दी है।
मोदी श्रेष्ठ भारत बना रहे हैं
शिवराज ने कहा कि विकसित भारत का निर्माण हो रहा है। अगर विकास के काम गिनाऊंगा तो कई घंटे लग जाएंगे। हाईवे, एयरपोर्ट, पोर्ट, मेडिकल कॉलेजेस इतने विकास के काम हुए है कि कोई कभी नहीं सोच सकता था। मोदी सरकार की विकास की ये गंगा, तमिलनाडु में भी बह रही है। इसके बाद भी तमिलनाडु सरकार मोदी जी का विरोध ही करती रहती है। उन्होंने कहा कि पूरा भारत एक है, हम सब भारत मां के लाल भेदभाव का कहां सवाल। मोदी एक भारत श्रेष्ठ भारत बना रहे हैं।
तमिल संस्कृति को बढ़ावा
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को तमिल संस्कृति से बेहद प्रेम हैं, उन्होंने तमिल-काशी संगमम किया। हमारे पवित्र सेंगोल को नए पार्लियामेंट में स्थापित किया। मोदी हमारी तमिल जीवन मूल्य परंपरा और महापुरुषों का आदर करते हुए पूरे देश को आगे बढ़ा रहे हैं। वे जहां भी जाते हैं वहां तमिल संस्कृति व परंपराओं के बारे में बताते हैं और सबसे पहले संयुक्त राष्ट्र संघ में तमिल भाषा में अगर बोले तो मोदी ही बोले हैं। तमिल भाषा में बोलने वाले पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं।
इंडी गठबंधन वाले मोदी वैक्सीन से ही बचे हैं
पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सोचो अगर कोरोना के दौरान मोदी नहीं होते तो क्या होता..? पहले किसी महामारी की वैक्सीन कई वर्षों तक नहीं बनती थी। रूस, अमेरिका, जर्मनी, जापान बनाते थे और हम वैक्सीन के लिए उनपर निर्भर होते थे लेकिन अब मोदी भारत के प्रधानमंत्री हैं। नौ महीने के अंदर एक नहीं दो-दो वैक्सीन बन गई और 200 करोड़ डोज भारतीयों के लगे और 100 करोड़ से ज्यादा दुनिया के बाकी देशों को लगाए थे। उनकी जान बचाने का काम मोदी ने किया। डीएमके और कांग्रेस के नेता, इंडी गठबंधन के नेता पहले वैक्सीन का मजाक उड़ाते थे, कहते थे ये मोदी वैक्सीन है मत लगवाओ, लेकिन बाद में अपनी जान बचाने के लिए उन्होंने भी मोदी वैक्सीन लगवाई। वो अगर आज जिंदा है तो मोदी वैक्सीन के कारण जिंदा हैं, यह चमत्कार नरेन्द्र मोदी ने किया है।





