स्विट्जरलैंड स्विट्जरलैंड के महिला पर्यटक की मंडावा होटल में मौत
झुंझुनू,
08 फरवरी । राजस्थान के झुंझुनू जिले की हैरिटेज नगरी मंडावा में
घूमने आई विदेशी सैलानी की मौत हो गई। मृतक विदेशी सैलानी के शव को झुंझुनू
के बीडीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने स्विट्जरलैंड
दूतावास को मौत की सूचना दी है।
झुंझुनू ग्रामीण डीएसपी रोहिताश्व
देवेंदा ने बताया कि 06 फरवरी की शाम को स्विट्जरलैंड की 78 वर्षीय जेनी
मोरल अपने दो अन्य साथियों के साथ मंडावा के होटल में रुकी थी। 08 फरवरी को
सुबह कमरा नंबर 224 में जेनी मोरल अचेत अवस्था में मिली। जिसके बाद उनके
साथियों ने रिसेप्शन पर इसकी सूचना दी। रिसेप्शन ने तुरंत डॉक्टर को कमरे
में भेजा। डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मंडावा पुलिस
मौके पर पहुंची और घटना को लेकर जानकारी ली। मंडावा पुलिस ने मृतक जेनी
मोरल के शव को झुंझुनू के बीडीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मृतक
विदेशी पर्यटक जेनी मोरल की सूचना स्विट्जरलैंड दूतावास को भी दी गई है।
होटल मैनेजर ने रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच
शुरू कर दी है।





