उतार चढ़ाव के बीच शेयर बाजार में तेजी का रुख, सेंसेक्स और निफ्टी उछले
नई
दिल्ली, । घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के
दौरान लगातार उतार-चढ़ाव होता हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत
बढ़त के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और
निफ्टी दोनों सूचकांकों की रफ्तार तेज होती हुई नजर आई। लेकिन इसके बाद
मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण शेयर बाजार कुछ देर के लिए लाल निशान
में भी गिर गया। हालांकि थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली
का जोर बना दिया, जिससे शेयर बाजार रिकवरी करके हरे निशान में पहुंच कर
कारोबार करने लगा। पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.28
प्रतिशत और निफ्टी 0.35 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
शुरुआती
एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से
एनटीपीसी, एशियन पेंट्स, अडाणी एंटरप्राइज, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज और भारती
एयरटेल के शेयर 2.54 प्रतिशत से लेकर 1.25 प्रतिशत की मजबूती के साथ
कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, एक्सिस बैंक, पावर
ग्रिड कॉरपोरेशन, रिलायंस इंडस्ट्रीज और इंडसइंड बैंक के शेयर 1.52 प्रतिशत
से लेकर 0.57 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आ रहे थे।
अभी
तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,251 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो
रही थी। इनमें से 1,427 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे
थे, जबकि 824 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह
सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 21 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे
निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 9 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में
कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 39 शेयर हरे
निशान में और 11 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई
का सेंसेक्स आज 200.50 अंक की तेजी के साथ 81,655.90 अंक के स्तर पर खुला।
कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने के कारण इस सूचकांक की
चाल में तेजी आ गई। लेकिन पहले आधे घंटे के कारोबार में ही मुनाफा वसूली
शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक ने लाल निशान में 81,434.32 अंक तक गोता
भी लगा दिया। हालांकि थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली शुरू
कर दी, जिससे इस सूचकांक ने रिकवरी करके हरे निशान अपनी जगह बना ली। बाजार
में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद
सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 231.72 अंक की मजबूती के साथ 81,687.12 अंक के
स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने
आज 29.40 अंक की बढ़त के साथ 24,886.70 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत
की। बाजार खुलने के बाद खरीदारी का सपोर्ट मिलने के कारण इस सूचकांक में
कुछ देर तक तो तेजी का रुख बना रहा। लेकिन इसके बाद मुनाफा वसूली शुरू हो
जाने के कारण ये सूचकांक लाल निशान में 24,856.50 अंक तक गिर गया। हालांकि
इसके बाद एक बार फिर खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाया, जिसकी वजह से इस
सूचकांक ने थोड़ी ही देर में हरे निशान में अपनी जगह बना ली। बाजार में
लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती 1 घंटे का कारोबार होने के
बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 86.50 अंक की मजबूती के साथ 24,943.80 में अंक
के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन
मंगलवार को सेंसेक्स 99.56 अंक यानी 0.12 प्रतिशत की मजबूती के साथ
81,455.40 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 21.20 अंक यानी 0.09
प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,857.30 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का
अंत किया था।




