घरेलू शेयर बाजार पर बिकवाली का दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी लुढ़के
नई
दिल्ली,। घरेलू शेयर बाजार आज लगातार दबाव में कारोबार करता
नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी गिरावट के साथ हुई थी। हालांकि
बाजार खुलने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से शेयर बाजार कुछ देर तक रिकवरी
करता हुआ नजर आया। लेकिन थोड़ी ही देर बाद बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण
सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक में एक बार फिर गिरावट आ गई। पहले एक
घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.58 प्रतिशत और निफ्टी 0.55 प्रतिशत
की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।
शुरुआती एक
घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से पावर
ग्रिड कॉरपोरेशन, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, अडाणी एंटरप्राइज, सन
फार्मास्युटिकल्स और अपोलो हॉस्पिटल के शेयर 1.10 प्रतिशत से लेकर 0.52
प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर एसबीआई लाइफ
इंश्योरेंस, एचडीएफसी लाइफ, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक और
अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर 2.08 प्रतिशत से लेकर 1.25 प्रतिशत की गिरावट के
साथ कारोबार करते नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में
स्टॉक मार्केट में 2,143 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से
977 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,166 शेयर
नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में
शामिल 30 शेयरों में से 5 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए
थे। दूसरी ओर 25 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे
थे। जबकि निफ्टी में शामिल शेयरों में से 12 शेयर हरे निशान में और 38 शेयर
लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का
सेंसेक्स आज 343.51 अंक की गिरावट के साथ 74,826.94 अंक के स्तर पर खुला।
कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिसके कारण ये
सूचकांक उछल कर 74,986.22 अंक तक पहुंच गया। लेकिन इसके बाद बाजार में
बिकवाली का दबाव जाने के कारण इस सूचकांक में दोबारा गिरावट आ गई। बाजार
में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद
सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 437.84 अंक टूट कर 74,732.61 अंक के स्तर पर
कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने
आज 125.40 अंक की कमजोरी के साथ 22,762.75 अंक के स्तर से कारोबार की
शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में खरीदारी का सपोर्ट मिलने के कारण ये
सूचकांक रिकवरी करके 22,825.50 अंक तक पहुंचने में सफल रहा। लेकिन इसके बाद
चौतरफा बिकवाली शुरू हो जाने की वजह से ये सूचकांक दोबारा लुढ़कने लगा।
बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती 1 घंटे का कारोबार
होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 125.15 अंक फिसल कर 22,763 अंक के स्तर
पर कारोबार कर रहा था।
कमजोर ग्लोबल संकेतों के बीच आज
प्री ओपनिंग सेशन में भी घरेलू शेयर बाजार ने गिरावट के साथ कारोबार की
शुरुआत की थी। इस सेशन में बीएसई का सेंसेक्स 336.60 अंक यानी 0.45 प्रतिशत
की कमजोरी के साथ 74,833.85 अंक के स्तर पर था। वहीं निफ्टी प्री ओपनिंग
सेशन में 125.40 अंक यानी 0.55 प्रतिशत गिर कर 22,762.75 अंक के स्तर पर
पहुंचा हुआ था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को
सेंसेक्स 220.05 अंक यानी 0.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ 75,170.45 अंक के
स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 44.30 अंक यानी 0.19 प्रतिशत फिसल कर
22,888.15 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।




