लगातार चौथे दिन शिखर पर शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी ने बनाया मजबूती का नया रिकॉर्ड
नई
दिल्ली,। घरेलू शेयर बाजार में आज लगातार चौथे दिन रिकॉर्ड
तोड़ तेजी जारी रही। शेयर बाजार आज एक बार फिर ऑल टाइम हाई का नया रिकॉर्ड
बना कर खुला, दिन के कारोबार में अपने रिकॉर्ड में और सुधार किया और अंत
में ऑल टाइम हाई क्लोजिंग का नया रिकॉर्ड बना कर बंद हुआ। बाजार में आई आज
की तेजी के कारण शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति में 2.40 करोड़ रुपये
से भी अधिक का इजाफा हो गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.40
प्रतिशत और निफ्टी 0.39 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।
आज
के कारोबार के दौरान कंज्यूमर ड्युरेबल्स, रियल्टी, यूटिलिटी और टेलीकॉम
सेक्टर के शेयरों में सबसे अधिक खरीदारी होती रही। इसके अलावा पब्लिक
सेक्टर एंटरप्राइज, बैंकिंग, आईटी, एनर्जी और इंफ्रास्ट्रक्चर इंडेक्स भी
बढ़त के साथ बंद होने में सफल रहे। दूसरी ओर एफएमसीजी, फार्मास्यूटिकल और
मेटल सेक्टर के शेयर दबाव में कारोबार करते रहे। ब्रॉडर मार्केट में भी आज
लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.43 प्रतिशत
की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.96 प्रतिशत की
तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज बाजार की तेजी
के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब ढाई लाख करोड़
रुपये की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट
कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 437.30 लाख करोड़ रुपये (अस्थाई)
हो गया। जबकि पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को इनका
मार्केट कैपिटलाइजेशन 434.88 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के
कारोबार से करीब 2.42 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।
आज
दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,150 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई।
इनमें 2,173 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,828 शेयरों में गिरावट का
रुख रहा, वहीं 149 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज
2,351 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,297 शेयर मुनाफा कमा कर
हरे निशान में और 1,054 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह
सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 22 शेयर बढ़त के साथ और 8 शेयर
गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल शेयरों में से 35 शेयर हरे
निशान में और 15 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का
सेंसेक्स आज 242.54 अंक की उछाल के साथ ऑल टाइम हाई का नया रिकॉर्ड बनाते
हुए 77,235.31 अंक के स्तर पर खुला। शुरुआती कारोबार में बिकवाली का मामूली
झटका लगने के बाद तेजड़ियों ने पूरी तरह से बाजार में अपना सिक्का जमा
दिया, जिसके कारण इस सूचकांक की चाल में भी तेजी आ गई। पहले घंटे के
कारोबार में ही ये सूचकांक 374 अंक उछल कर अभी तक के सर्वोच्च स्तर 77,
366.77 अंक के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि इसके बाद बाजार में लिवालों और
बिकवालों के बीच लगातार खींचतान चलती रही, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल
में भी मामूली उतार-चढ़ाव होता रहा। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स
308.37 अंक की मजबूती के साथ ऑल टाइम हाई क्लोजिंग का नया रिकॉर्ड बना कर
77,301.14 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही
एनएसई के निफ्टी ने आज मजबूती का नया रिकॉर्ड बनाते हुए 105.20 अंक की बढ़त
के साथ 23,570.80 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। पहले घंटे के
कारोबार में ही ये सूचकांक 113.45 अंक की तेजी के साथ अभी तक के सर्वोच्च
स्तर 23,579.05 अंक तक पहुंच गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद निफ्टी 92.30
अंक की उछाल के साथ क्लोजिंग के उच्चतम स्तर 23,557.90 अंक तक पहुंच कर
बंद हुआ।
पूरे दिन के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के
दिग्गज शेयरों में से श्रीराम फाइनेंस 3.57 प्रतिशत, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन
3.20 प्रतिशत, विप्रो 3.01 प्रतिशत, टाइटन कंपनी 1.67 प्रतिशत और
आईसीआईसीआई बैंक 1.56 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची
में शामिल हुए। दूसरी ओर, मारुति सुजुकी 2.21 प्रतिशत, डॉ. रेड्डीज
लेबोरेट्रीज 1.54 प्रतिशत, टाटा स्टील 1.11 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट
1.10 प्रतिशत और हीरो मोटोकॉर्प 0.85 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के टॉप 5
लूजर्स की सूची में शामिल हुए।




