शेयर बाजार में तेजी जारी, नई ऊंचाई पर बंद हुए सेंसेक्स और निफ्टी
नई
दिल्ली, । घरेलू शेयर बाजार आज सप्ताह के पहले कारोबारी
दिन ऊंचाई के नये शिखर पर बंद होने में सफल रहा। आज के कारोबार के दौरान
निफ्टी ने मजबूती का नया रिकॉर्ड बनाया। वहीं, सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ऑल
टाइम हाई ओपनिंग और ऑल टाइम हाई क्लोजिंग का रिकॉर्ड बनाने में सफल रहे।
पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.18 प्रतिशत और निफ्टी 0.35 प्रतिशत
की मजबूती के साथ बंद हुए।
आज के कारोबार के दौरान स्टॉक मार्केट के
दिग्गज शेयरों में से ऑयल एंड गैस, रियल्टी, एनर्जी और फार्मास्यूटिकल
सेक्टर के शेयरों में सबसे अधिक खरीदारी होती रही। दूसरी ओर कैपिटल गुड्स,
टेक और आईटी सेक्टर के शेयरों में मुनाफा वसूली का दबाव नजर आया। ब्रॉडर
मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण बीएसई का मिडकैप
इंडेक्स 0.95 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स
ने 0.21 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज
बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में
करीब पौने तीन करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों
का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 455.12 लाख करोड़
रुपये (अस्थाई) हो गया। जबकि पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी
शुक्रवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 452.38 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह
निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 2.74 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।
आज
दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,168 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई।
इनमें 2,039 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,001 शेयरों में गिरावट का
रुख रहा, वहीं 128 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज
2,381 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,239 शेयर मुनाफा कमा कर
हरे निशान में और 1,142 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह
सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 17 शेयर बढ़त के साथ और 13 शेयर
गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 31 शेयर
हरे निशान में और 19 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स
आज 167.20 अंक उछल कर ऑल टाइम हाई ओपनिंग का नया रिकॉर्ड बनाते हुए
80,686.54 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के साथ ही बाजार
में तेजड़ियों और मंदड़ियों ने एक-दूसरे पर हावी होने की कोशिश शुरू कर दी,
जिसके कारण इस सूचकांक की चाल में भी लगातार उतार-चढ़ाव होता रहा। खरीदारी
के सपोर्ट से ये सूचकांक 343.20 उछल कर 80,862.54 अंक तक पहुंचा। वहीं,
बिकवाली का दबाव बनने पर ये सूचकांक 80,556.97 अंक तक गिर भी गया। राहत की
बात यही रही कि ये सूचकांक लगातार हरे निशान में ही कारोबार करता रहा। पूरे
दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 142.52 अंक की तेजी के साथ ऑल टाइम हाई
क्लोजिंग का नया रिकॉर्ड बनाते हुए 80,664.86 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स
की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने भी आज ऑल टाइम हाई ओपनिंग का रिकॉर्ड बनाते
हुए 85.45 अंक की तेजी के साथ 24,587.60 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत
की। बाजार खुलने के बाद लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान शुरू हो जाने
के कारण इस सूचकांक की चाल भी लगातार ऊपर-नीचे होती रही। खरीदारी के सपोर्ट
से निफ्टी 132.90 अंक उछल कर अभी तक के सर्वोच्च स्तर 24,635.05 अंक तक
पहुंच गया। हालांकि बाद में मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण ये सूचकांक
गिर कर 24,522.75 अंक तक लुढ़क भी गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद निफ्टी
84.55 अंक की मजबूती के साथ ऑल टाइम हाई क्लोजिंग का नया रिकॉर्ड बनाते हुए
24,586.70 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
पूरे दिन के कारोबार के बाद
स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से ओएनजीसी 5.01 प्रतिशत, एसबीआई लाइफ
इंश्योरेंस 3.24 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस 3.15 प्रतिशत, डॉक्टर रेड्डीज
लेबोरेट्रीज 1.12 प्रतिशत और बजाज ऑटो 2.57 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के
टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, एलटी माइंडट्री 1.70
प्रतिशत, एशियन पेंट्स 1.42 प्रतिशत, ग्रासिम इंडस्ट्रीज 1.41 प्रतिशत,
टाटा स्टील 1.14 प्रतिशत और एक्सिस बैंक 0.75 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज
के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।




