पूरे दिन दबाव के बाद शेयर बाजार सपाट स्तर पर बंद, स्मॉल और मिडकैप शेयरों ने दिया सहारा
नई
दिल्ली, पूरे दिन दबाव में कारोबार करने के बाद घरेलू
शेयर बाजार में शुक्रवार को आखिरी आधे घंटे के कारोबार के दौरान शानदार
रिकवरी नजर आई। आज के कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी। दिन के
कारोबार में ये गिरावट लगातार बढ़ती चली गई। दोपहर बाद 3 बजे के करीब बाजार
में खरीदारों ने अपना जोर बना दिया, जिसकी वजह से शेयर बाजार मिले-जुले
परिणाम के साथ बंद हुआ। दिन भर के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.07 प्रतिशत की
कमजोरी के साथ और निफ्टी 0.09 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।
आज
के कारोबार में ऑयल एंड गैस, इंफ्रास्ट्रक्चर और एनर्जी सेक्टर के शेयरों
में जोरदार खरीदारी होती रही। इसी तरह फार्मास्यूटिकल, पब्लिक सेक्टर
एंटरप्राइज और एफएमसीजी इंडेक्स भी बढ़त के साथ बंद हुए। दूसरी ओर बैंकिंग,
आईटी, कंज्यूमर ड्युरेबल्स और टेक शेयरों में बिकवाली का दबाव बना रहा।
ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण बीएसई का
मिडकैप इंडेक्स 0.75 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप
इंडेक्स ने 0.70 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज
बाजार में मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में हुई जोरदार खरीदारी के कारण
स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में ढाई लाख करोड़ रुपये से अधिक की
बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के
कारोबार के बाद बढ़ कर 449.82 लाख करोड़ रुपये (अस्थाई) हो गया। जबकि पिछले
कारोबारी दिन यानी गुरुवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 447.30 लाख करोड़
रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 2.52 लाख करोड़ रुपये
का मुनाफा हो गया।
आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में
4,016 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,254 शेयर बढ़त के साथ बंद
हुए, जबकि 1,669 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 93 शेयर बिना किसी
उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,353 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग
हुई। इनमें से 1,371 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 982 शेयर नुकसान
उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में
से 17 शेयर बढ़त के साथ और 13 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में
शामिल शेयरों में से 36 शेयर हरे निशान में और 14 शेयर लाल निशान में बंद
हुए।
बीएसई के सेंसेक्स ने आज 270.69 अंक टूट कर 79,778.98
अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद मुनाफा वसूली
शुरू हो जाने की वजह से ये सूचकांक 570.71 अंक की गिरावट के साथ 79,478.96
अंक तक लुढ़क गया। हालांकि, इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाया,
जिसके कारण इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा। खरीदारी का सपोर्ट
मिलने के बावजूद शाम 3 बजे तक ये सूचकांक लगातार लाल निशान में ही कारोबार
करता रहा।
इसके बाद बाजार में चौतरफा खरीदारी शुरू हो गई, जिसकी
वजह से थोड़ी देर में ही ये सूचकांक निचले स्तर से 670 अंक से अधिक उछल कर
100.20 अंक की बढ़त के साथ 80,149.87 अंक तक पहुंच गया। हालांकि अंत में
इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई बिकवाली के कारण ये सूचकांक ऊपरी स्तर से
150 अंक से ज्यादा फिसल कर 53.07 अंक की कमजोरी के साथ 79,996.60 अंक के
स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई का निफ्टी आज
88.80 में अंक टूट कर 24,213.35 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत
होते ही बिकवाली का दबाव बनने के कारण ये सूचकांक 133.30 अंक की कमजोरी के
साथ 24,168.85 अंक के स्तर तक फिसल गया। इसके बाद बाजार में खरीदारी शुरू
हो जाने की वजह से इस सूचकांक की चाल में भी सुधार होने लगा। शाम 3 बजे के
करीब खरीदारी का जोरदार सपोर्ट मिलने से ये सूचकांक निचले स्तर से 190 अंक
से अधिक की छलांग लगा कर 60.85 अंक की मजबूती के साथ 24,363 अंक के स्तर तक
पहुंच गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद निफ्टी 21.70 अंक की तेजी के साथ
24,323.85 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
दिन भर हुई खरीद बिक्री
के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से ओएनजीसी 4.02 प्रतिशत, स्टेट
बैंक ऑफ इंडिया 2.44 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज 2.23 प्रतिशत,
ब्रिटानिया इंडस्टरीज 2.22 प्रतिशत और हिंदुस्तान यूनिलीवर 2.05 प्रतिशत की
मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर,
एचडीएफसी बैंक 4.58 प्रतिशत, टाइटन कंपनी 2 प्रतिशत, टाटा स्टील 0.90
प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 0.76 प्रतिशत और एलटी माइंडट्री 0.69
प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।




